Friday , February 20 2026 5:55 AM
Home / News / दुनिया में युद्ध रुकवाने का दावा करने वाले ट्रंप ने क्यों किया नाइजीरिया पर हमला, जानें ईसाई-मुस्लिम कनेक्शन

दुनिया में युद्ध रुकवाने का दावा करने वाले ट्रंप ने क्यों किया नाइजीरिया पर हमला, जानें ईसाई-मुस्लिम कनेक्शन


अमेरिका ने उत्तर-पश्चिम नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट(ISIS) के ठिकानों पर हमले किए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों की जानकारी देते हुए कहा कि यह ग्रुप ईसाइयों पर हमला कर रहा था। ऐसे में उन्होंने अपनी सेना से ISIS के लड़ाकों को निशाना बनाने के लिए कहा। अमेरिका का नाइजारिया में हवाई हमला और ट्रंप का सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देना ध्यान खींचता है। ट्रंप ने इस साल जनवरी में दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद से लगातार युद्ध रुकवाने की बात कही है। वह अपने लिए शांति का नोबेल भी मांगते रहे हैं। इस बीच उन्होंने इन भीषण हमलों का आदेश दे दिया। ऐसे में सवाल उठता है कि अमेरिका ने नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट को क्यों निशाना बनाया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिकी सेना ने इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के खिलाफ एक शक्तिशाली और घातक हमला किया है। ये आतंकी नाइजीरिया में निर्दोष ईसाइयों को बेरहमी से मार रहे थे। इसके चलते अमेरिकी सेना ने इस ग्रुप के ठिकानों पर कई सटीक हमले किए।
नाइजीरिया सरकार ने की मदद – बीबीसी ने बताया है कि ये हमले उत्तरी नाइजीरिया के सोकोतो राज्य में हुए। यूएस अफ्रीका कमांड ने कहा कि कार्रवाई नाइजीरियाई अधिकारियों के साथ तालमेल से की गई। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए नाइजीरियाई सरकार के समर्थन और सहयोग के लिए आभार जताया है।