Sunday , September 8 2024 1:08 PM
Home / News / India / पीएम मोदी का मॉस्को दौरा क्यों है बेहद खास, भारतीय राजदूत ने बताई वजह, दिखेगी रूस और भारत की दोस्ती

पीएम मोदी का मॉस्को दौरा क्यों है बेहद खास, भारतीय राजदूत ने बताई वजह, दिखेगी रूस और भारत की दोस्ती


रूस में भारत के राजदूत ने कहा कि भारत और रूस के बीच 2021 में हुए शिखर सम्मेलन के बाद दुनिया में बहुत कुछ बदल गया है। उन्होंने इस यात्रा को बहुत महत्वपूर्ण बताया है। अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे।
मॉस्को: लगातार तीसरी बार देश की बागडोर संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 जुलाई सोमवार को अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर रूस जा रहे हैं। यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के बाद भारतीय प्रधानमंत्री का ये पहला रूस दौरा है। इस दौरान पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए रूस की राजधानी मॉस्को में जोरदार तैयारियां की गई हैं। दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही वे मंगलवार को भारतीय प्रवासियों से भी बातचीत करेंगे। रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने पीएम मोदी की दो दिवसीय रूस यात्रा को ‘बहुत महत्वपूर्ण’ बताया है।
स्पुतनिक न्यूज के अनुसार, विनय कुमार ने कहा कि ‘हमारे यहां रूसी संघ के राष्ट्रपति और भारत के प्रधान मंत्री के बीच शिखर-स्तरीय बैठकों के वार्षिक आदान-प्रदान की परंपरा है और आखिरी बैठक 2021 में हुई थी। तब से दुनिया भर में बहुत कुछ बदल गया है, लेकिन हमारे संबंधों का भी विस्तार हुआ है।’ उन्होंने आगे कहा कि दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति के बारे में बात करेंगे और आपसी हित के अन्य क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
भारत का अहम सहयोगी है रूस – भारतीय राजदूत ने महत्वपूर्ण ऊर्जा सहयोगी के रूप में रूस की भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘रूस अब भारत में ऊर्जा संसाधनों के बहुत महत्वपूर्ण स्रोतों में से एक है। साथ ही, अन्य क्षेत्रों में भी व्यापार का विस्तार हुआ है। इसलिए यह यात्रा नेताओं के लिए द्विपक्षीय संबंधों में इन सभी विकासों पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।’
हालांकि, उन्होंने मोदी और पुतिन के बीच चर्चा किए जाने वाले मुद्दों के बारे में विस्तार से बताने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि बैठक का एजेंडा क्या होगा, वह इसके बारे में पूर्वानुमान लगाने की स्थिति में नहीं हैं। यह 22वां भारत-रूस वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन होगा। इसके पहले पिछला शिखर सम्मेलन दिसंबर 2021 में नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। यूक्रेन में रूस के हमले के बाद से यह मोदी की पहली रूस यात्रा हो रही है। रूस इसे विशेष सैन्य अभियान कहता है।