
रियाद: सऊदी अरब अगले साल से पहली बार देश के तीन खेल स्टेडियमों में महिलाओं के जाने की अनुमति देगा जबकि इससे पहले वहां सिर्फ पुरूषों को जाने की अनुमति होती थी लेकिन अब महिलाएं भी अपने परिवार के साथ जा सकेंगी। यह राजशाही महिलाओं के लिये सबसे कड़े नियमों वाले देशों में से एक है जहां महिलाओं को खेल परिसरों में जाने की अनुमति नहीं थी। इस घोषणा को अति रूढि़वादी देश में युवराज मोहम्मद बिन सलमान के महत्वाकांक्षी सुधार कार्यक्रमों से जोड़ कर देखा जा रहा जिसमें महिलाओं को अगले जून से वाहन चलाने की अनुमति देना भी शामिल है।
देश की जनरल स्पोट््र्स अथारिटी ने कल टवीट किया, ‘‘रियाद, जेद्दाह और दम्मान के तीन स्टेडियमों में 2018 की शुरूआत से परिवारों को आने की स्वीकृति देने की तैयारी शुरू हो चुकी है।’’ पिछले महीने देश के राष्ट्रीय दिवस के मौके पर अधिकारियों ने सैकड़ों महिलाओं को रियाद के एक फुटबाल स्टेडियम में प्रवेश की इजाजत दी थी। इससे पहले जुलाई में शिक्षा मंत्रालय ने लड़कियों को स्कूल स्तर पर खेलों में भाग लेने की अनुमति दी थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website