Friday , April 10 2026 2:25 PM
Home / News / ‘होर्मुज स्ट्रेट अब कभी पुरानी स्थिति में नहीं लौटेंगे’, IRGC ने अमेरिका और इजरायल को ‘नई व्यवस्था’ की दी चेतावनी

‘होर्मुज स्ट्रेट अब कभी पुरानी स्थिति में नहीं लौटेंगे’, IRGC ने अमेरिका और इजरायल को ‘नई व्यवस्था’ की दी चेतावनी


ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड नेवी (IRGC) ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य “कभी भी अपनी पुरानी स्थिति में वापस नहीं आएगा खासकर अमेरिका और इजरायल के लिए।” बयान में कहा गया है कि ईरान खाड़ी क्षेत्र में एक “नई व्यवस्था” के लिए ऑपरेशनल तैयारियों के अंतिम चरण में है जिसे अधिकारी इसी नाम से संबोधित कर रहे हैं। IRGC की ये टिप्पणी उस वक्त आई है जब ईरानी संसद एक नये मसौदे पर काम कर रही है जिसके तहत होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा इस रूट पर अमेरिका और इजरायल के लिए प्रतिबंध लगाया जाएगा।
ईरान जो मसौदा तैयार कर रहा है उसके तहत जिन देशों ने उसके ऊपर प्रतिबंध लगा रखे हैं उन देशों के लिए होर्मुज से गुजरने पर पहुंच सीमित की जाएगी। ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि इस प्रस्ताव में ईरान की राष्ट्रीय मुद्रा में भुगतान की जाने वाली पैसेज फीस, अमेरिका और इजरायल के लिए ट्रांजिट पर प्रतिबंध और ईरान के खिलाफ एकतरफा प्रतिबंधों में शामिल देशों पर पाबंदियां शामिल हैं।
‘अमेरिका और इजरायल के लिए होर्मुज बंद’- ईरान की संसद ने मसौदा कानून को मंजूरी दे दी है और उसके बाद IRGC की तरफ से ये बयान आया है। जिसमें इस रणनीतिक जलमार्ग से होने वाली शिपिंग पर नए नियंत्रणों का प्रस्ताव है। बहुत आसान शब्दों में समझें तो ईरान ने साफ कर दिया है कि टकराव का अंत फिलहाल नहीं होने वाला है।
ईरानी मीडिया के मुताबिक इस योजना में जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए ट्रांजिट फीस शामिल किया गया है जिसका भुगतान ईरान की राष्ट्रीय मुद्रा में किया जाएगा
अमेरिकी और इजरायली जहाजों के गुजरने पर प्रतिबंध भी लगाया जाएगा। इसमें उन देशों पर भी पाबंदियां लगाने का प्रस्ताव है जो ईरान के खिलाफ एकतरफा प्रतिबंधों का समर्थन करते हैं।
इस मसौदा कानून में जलडमरूमध्य पर ईरान की संप्रभुता, उसके सशस्त्र बलों की भूमिका, समुद्री सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ओमान के साथ कानूनी समन्वय से संबंधित प्रावधानों की भी रूपरेखा दी गई है।
इससे पहले रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी गई अपनी चेतावनी को और सख्त कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर ईरान की सरकार सोमवार तक ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को दोबारा नहीं खोलती है तो वह ईरान के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर जोरदार हमला करेंगे। रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ट्रंप ने अपनी धमकी के साथ-साथ अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि मंगलवार का दिन ईरान के लिए “पावर प्लांट डे और ब्रिज डे, दोनों एक ही दिन में” होगा।