
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में पृथ्वी शॉ के अनसोल्ड रहने के बाद हर कोई हैरान है। दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कोचिंग स्टाफ के सदस्य रहे मोहम्मद कैफी पृथ्वी को लेकर निराश थे। इसके साथ ही उन्होंने पृथ्वी के अनसोल्ड रहने को लेकर असल कारण भी बताया।
एक समय था जब पृथ्वी शॉ को टीम इंडिया का भविष्य कहा जाता था। क्रिकेट एक्सपर्ट पृथ्वी शॉ को लेकर ये कहते थे कि उनमें सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग की झलक दिखती है। पृथ्वी के खेल में ये दिखता भी था। जिस तरह से वे शॉट लगाते थे उसे देखकर सचिन और सहवाग की याद आ जाती थी। इसमें कोई शक नहीं कि पृथ्वी शॉ एक प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, लेकिन जैसे ही उन्हें स्टारडम मिला वह उसे संभाल नहीं पाए। नतीजा ये हुआ कि आज वे इंडियन प्रीमियर लीग के ऑक्शन में अनसोल्ड रह गए जिसे खरीदने के लिए कभी टीमों के बीच लड़ाई होती थी।
आईपीएल 2025 के लिए मेगा ऑक्शन में पृथ्वी शॉ ने खुद को 75 लाख के बेस प्राइस में लिस्ट किया था। उम्मीद थी कि कोई ना कोई टीम ओपनर बल्लेबाज के स्लॉट में पृथ्वी को जरूर खरीद लेगी, लेकिन स्थिति ये हुई कि पृथ्वी पर किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसे लेकर ऑक्शन के लिए ब्रॉडकास्ट टीम के सदस्य रहे मोहम्मद कैफ भी काफी निराश थे।
मोहम्मद कैफ रह चुके हैं दिल्ली के कोचिंग स्टाफ के सदस्य – जियो सिनेमा पर ब्रॉडकास्ट टीम में एक्सपर्ट के तौर पर शामिल मोहम्मद कैफ एक समय दिल्ली कैपिटल्स टीम के साथ जुड़े थे। कैफ टीम में कोचिंग स्टाफ के सदस्य थे। कैफ पृथ्वी को लेकर कुछ ऐसी बातें शेयर की जो काफी हैरान करने वाले थे। कैफ ने कहा, ‘पृथ्वी को लेकर टीम मैनेजमेंट एक समय काफी सख्त हो गई थी। उन्हें टीम से ड्रॉप करने को लेकर सहमति तक बन जाती थी, लेकिन मैच से ठीक पहले कोच रिकी पोंटिंग को ये लगता था पृथ्वी आज के मैच में अगर चल गया तो हम जीत जाएंगे। ऐसा करके पृथ्वी को लगातार कई मौके मिले, लेकिन वह अपने खेल में सुधार नहीं कर पाए।’
उन्होंने कहा, ‘ऐसा नहीं है कि पृथ्वी में अच्छा खेलने की क्षमता नहीं थी, उसने 6 गेंद पर 6 चौके भी उड़ाए। हालांकि, समय के साथ उसने अपनी फिटनेस पर ध्यान नहीं दिया। इसके अलावा और कई और चीजें रही जिससे उनका खेल प्रभावित हुआ और नतीजा अभी सबके सामने है। यह पृथ्वी शॉ के लिए शर्मिंदगी की बात है।’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website