
लंदन | भारतीय मूल का आस्ट्रेलियाई नागरिक सौर ऊर्जा से चलने वाले अपने वाहन टुक-टुक से भारत से ब्रिटेन पहुंच गया है। पेशे से ऑटो इंजीनियर नवीन रबेल्ली अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए फरवरी में यात्रा शुरू की थी।
वह सड़क मार्ग से अब तक 9,977 किमी की यात्रा कर चुके हैं। नवीन फ्रांस से ब्रिटेन के डोवर शहर पहुंचे हैं। नवीन बकिंघम पैलेस पहुंच कर अपनी यात्रा खत्म करना चाहते हैं। टुकटुक की छत पर सोलर पैनल लगे हैं।
नवीन रबेल्ली ने बताया कि एक बार भारत यात्रा के दौरान वह अपने दोस्त के साथ ट्रैफिक जाम में फंस गए थे। इस दौरान उन्हें ध्वनि प्रदूषण का भी सामना करना पड़ा था। तभी उनके मन में पेट्रोल और डीजल के बजाय वैकल्पिक ऊर्जा से चलने वाला वाहन बनाने का विचार आया। इसके बाद उन्होंने सौर ऊर्जा से चलने वाला टुक टुक बना डाला।
वह इसके जरिस जागरुकता फैलाने के लिए दुनिया की सैर पर निकल पड़े। वह ईरान, तुर्की, बुल्गारिया, सबिज़्या, ऑस्ट्रिया, स्विटजरलैंड, जर्मनी, फ्रांस होते हुए ब्रिटेन पहुंचे हैं। टुक टुक ऑटोरिक्शा जैसा ही दिखता है। इसमें आराम करने और सोने की भी व्यवस्था है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website