Tuesday , March 3 2026 11:08 PM
Home / Sports / जो कभी नहीं हुआ वो कर डाला… 19 साल के कार्लोस अल्कारेज बने यूएस ओपन चैंपियन, रचा इतिहास

जो कभी नहीं हुआ वो कर डाला… 19 साल के कार्लोस अल्कारेज बने यूएस ओपन चैंपियन, रचा इतिहास


न्यूयॉर्क: स्पेन के टीनएजर कार्लोस अल्कारेज (Carlos Alcaraz) ने यूएस ओपन (US Open) टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष सिंगल्स का खिताब जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में 19 साल के अल्कारेज ने नॉर्व के कैस्पर रूड को 6-4, 2-6, 7-6, 6-3 से हराया। रूड इस साल दूसरी बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में थे और दोनों बार उन्हें हार मिली। इससे पहले फ्रेंच ओपन के फाइनल मुकाबले में राफेल नडाल के खिलाफ उन्हें शिकस्त झेलनी पड़ी थी। तीसरी सीड अल्कारेज ने मुकाबले को 3 घंटे और 20 मिनट में अपने नाम किया।
सबसे युवा वर्ल्ड नंबर-1 : इस जीत के साथ ही कार्लोस अल्कारेज पुरुष सिंगल्स में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी भी बन गए हैं। 49 साल पहले एटीपी रैंकिंग की शुरुआत हुई थी। वह नंबर एक बनने वाले पहले टीनएजर खिलाड़ी हैं। अगर 23 साल के रूड इस फाइनल को जीतते तो उनके पास भी नंबर-1 खिलाड़ी बनने का मौका था, लेकिन वह चूक गए। पहला सेट हारने के बाद उन्होंने दूसरे में वापसी की। लेकिन अल्कारेज ने तीसरे सेट को टाई ब्रेकर और चौथे को आसानी से अपने नाम कर खिताब जीत लिया।
17 साल में सबसे युवा चैंपियन : कार्लोस अल्कारेज का यह पहला ग्रैंड स्लैम टाइटल है। वह पहली बार ही फाइनल में पहुंचे थे। 2005 में राफेल नडाल के फ्रेंच ओपन जीतने के बाद से 19 वर्षीय सबसे कम उम्र के पुरुष ग्रैंड स्लैम चैंपियन हैं। वहीं पिछले 32 सालों में यूएस ओपन का खिताब जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। पिछले साल यूएस ओपन में वह क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए थे। इस साल फ्रेंच ओपन में भी उन्होंने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।