
केप टाउन: तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (87 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को मेजबान दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 286 रन पर रोक दिया लेकिन कुछ गैर जिम्मेदाराना शॉटों के चलते विश्व की नंबर एक टीम ने दिन की समाप्ति तक अपने तीन विकेट 28 रन तक गंवा दिए।
ऐसे गिरे भारत के 3 विकेट
भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों खासतौर पर ओपनर शिखर धवन और कप्तान विराट कोहली ने गैर जिम्मेदाराना तरीके से अपने विकेट गंवा दिए। ओपनर मुरली विजय ने वेर्नोन फिलेंडर की गेंद पर गली में डीन एल्गर को आसान कैच थमाया। शिखर ने वापसी कर रहे तेज गेंदबाज डेल स्टेन की गेंद को अनावश्यक मारने की कोशिश में गेंद को ऊंचा खेल दिया और स्टेन ने कैच लपक लिया। कप्तान विराट ने मोर्न मोर्कल की बाहर जाती गेंद पर छेडख़ानी की और विकेटकीपर क्विंटन दी कॉक को कैच दे बैठे। विजय ने एक, शिखर ने 16 और विराट ने पांच रन बनाये। स्टंप्स के समय चेतेश्वर पुजारा पांच और रोहित शर्मा खाता खोले बिना क्रीज पर थे। भारत अभी दक्षिण अफ्रीका के स्कोर से 258 रन पीछे है और उस पर खतरा बना हुआ है।
इससे पहले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (87 रन पर चार विकेट) और आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (21 रन पर दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के पहले दिन शुक्रवार को मेजबान दक्षिण अफ्रीका को उसकी पहली पारी में 286 रन पर रोक दिया। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन भुवनेश्वर ने मेजबान टीम के 12 रन के अंदर ही उसके तीन विकेट आउट कर दिए। भुवनेश्वर ने डीन एल्गर (0) को विकेटकीपर रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराने के बाद अपने दूसरे ओवर में एडेन मार्करम (5) को पगबाधा किया।
स्विंग मास्टर भुवनेश्वर ने इसके बाद अपने तीसरे ओवर में हाशिम अमला (3) को साहा के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दे दिया। हालांकि इसके बाद कप्तान फाफ डु प्लेसिस ( नाबाद 37) और एबी डीविलियर्स ( 59) ने चौथे विकेट के लिए 95 रन की अविजित साझेदारी कर दक्षिण अफ्रीका को लंच तक तीन विकेट पर 107 रन बनाकर मैच में कुछ हद तक अपनी वापसी कर ली थी। लंच के बाद दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका डीविलियर्स (65) के रूप लगा। टेस्ट में अपना पदार्पण कर रहे यॉर्करमैन जसप्रीत बुमराह ने डीविलियर्स को बोल्ड कर अपने टेस्ट करियर का पहला विकेट हासिल किया। डीविलियर्स ने 84 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 65 रन बनाए।
टीमें – भारत: मुरली विजय, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा ,हार्दिक पांड्या, रिद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी।
दक्षिण अफ्रीका : डीन एल्गर, ऐडन मार्करैम, हाशिम अमला, फॉफ डु प्लेसिस (कप्तान), एबी डीविलियर्स, क्विंटन डी कॉक, वर्नोन फिलेंडर, कगिसो रबाडा, मोर्ने मॉर्केल, डेल स्टेन, केशव महाराज।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website