Monday , February 16 2026 7:50 AM
Home / Uncategorized / इजरायल के हवाई हमलों में 42 लोगों की मौत, गाजा सिटी में तीन इमारतें ध्वस्त

इजरायल के हवाई हमलों में 42 लोगों की मौत, गाजा सिटी में तीन इमारतें ध्वस्त

इजरायल के रविवार को गाजा सिटी पर किए गए हवाई हमलों में तीन इमारत नष्ट हो गईं और कम से कम 42 लोग मारे गए। इजरायल और हमास के बीच एक सप्ताह पहले शुरू हुए संघर्ष के बाद यह सबसे भीषण हमला था। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमले में मारे गए लोगों में 16 महिलाएं और 10 बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
इसने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य अब भी जारी है। इससे पहले इजरायली सेना ने कहा कि उसने दक्षिणी शहर खान यूनिस में अलग हवाई हमले में गाजा के शीर्ष हमास नेता याहिया सिनवार के आवास को जमींदोज कर दिया। हमास के वरिष्ठ नेताओं के घरों पर पिछले दो दिनों में यह तीसरा हमला है। वहीं, हमले के मद्देनजर हमास के कई नेता भूमिगत हो गए हैं।
इजरायल ने हमास को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाने के लिए हालिया दिनों में हमले तेज कर दिए हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय वार्ताकार भी दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हमास के नेताओं को निशाना बनाए जाने से इन प्रयासों में मुश्किलें आ सकती हैं। पूर्वी यरुशलम में इस महीने की शुरुआत में तनाव तब शुरू हुआ जब फलस्तीनियों ने शेख जर्रा में उन्हें निकाले जाने के खिलाफ प्रदर्शन किया और इजरायली पुलिस ने अल-अक्सा मस्जिद में कार्रवाई की।
यह लड़ाई पिछले सोमवार को शुरू हुई जब यरुशलम को बचाने का दावा करने वाले हमास ने लंबी दूरी के रॉकेट दागे। संघर्ष अन्य जगहों पर भी फैल गया है। वेस्ट बैंक और इजरायल में भी कई जगहों पर यहूदी और अरब नागरिकों के बीच झड़पें हुई हैं। इस संघर्ष में गाजा में 55 बच्चे और 33 महिलाओं समेत 188 फलस्तीनी मारे गए हैं और 1,230 लोग जख्मी हुए हैं। वहीं, इजरायल में आठ लोगों की मौत हुई है जिनमें पांच साल का एक बच्चा भी शामिल है।
इजरायली सेना ने रविवार को कहा कि उसने हमास के सबसे वरिष्ठ नेता याहिया सिनवार के घर को निशाना बनाया जो समूह के बाकी शीर्ष नेताओं के साथ संभवत: वहां छिपा था। इजरायल ने शनिवार को हमास की राजनीतिक शाखा के प्रमुख नेता खलील अल-हायेह के घर पर बम गिराए थे। हमास और इस्लामी जेहाद उग्रवादी समूह ने स्वीकार किया है कि सोमवार को संघर्ष शुरू होने के बाद से उसके 20 लड़ाके मारे गए हैं।
मिस्र के एक राजनयिक ने कहा कि हमास के राजनीतिक नेताओं को निशाना बनाने से संघर्षविराम के प्रयासों पर असर पड़ेगा। हमास और अन्य उग्रवादी समूहों ने इजरायल पर करीब 2,900 रॉकेट दागे हैं। वहीं, इजरायली सेना का कहना है कि 450 रॉकेट थोड़ी दूर जाकर ही गिर गए जबकि वायुसेना की प्रतिरक्षा प्रणाली ने 1,150 रॉकेटों को मार गिराया।