
लंदन : इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक रविवार को यहां अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 114 रन बनाये। भारत ने इससे पहले इंग्लैंड के 332 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 292 रन बनाये थे। इस तरह से इंग्लैंड की कुल बढ़त अब 154 रन की हो गयी है। दिन का खेल समाप्त होने के समय एलिस्टेयर कुक 46 और कप्तान जो रूट 29 रन पर खेल रहे थे। इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरूआत खराब रही और कीटन जेङ्क्षनग्स 10 रन पर शमी तथा मोइन अली 20 रन बनाकर जडेजा की गेंदों पर बोल्ड हो गये। लेकिन फिर कुक ने अपनी 291वीं और करियर की अंतिम पारी को संयम से खेलते हुये रन बटोरे और कप्तान रूट के साथ तीसरे विकेट के लिये 52 रन की अविजित साझेदारी कर ली और दिन की समाप्ति तक अन्य कोई विकेट नुकसान नहीं होने दिया।
इससे पहले आज सुबह भारत ने कल के 174 रन पर छह विकेट के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। क्रीज पर मौजूद हनुमा और जडेजा ने 77 रन की अहम साझेदारी की और भारत को कुछ हद तक संभाला। दोनों ही बल्लेबाजों ने सुबह संयम के साथ अपनी पारियों को आगे बढ़ाया और लंच तक 79 ओवर में सात विकेट खोकर 240 रन बना लिये। हालांकि लंच से पूर्व हनुमा मोइन अली की गेंद पर जॉनी बेयरस्टो को कैच थमा बैठे और मेहमान टीम ने सातवां अहम विकेट गंवा दिया तथा इस साझेदारी पर भी ब्रेक लग गया। राष्ट्रीय टीम की ओर से पहला मैच खेल रहे हनुमा ने 124 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाकर 56 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और पदार्पण मैच को यादगार बना दिया। इस सीरीका का पहला मैच खेल रहे ऑलराउंडर जडेजा ने टीम के स्कोर को ऊपर ले जाने की पूरी कोशिश की लेकिन निचले क्रम का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक उनका साथ नहीं दे सका।
हनुमा के आउट होने के बाद जडेजा का साथ देने आए इशांत (4) पिच पर ज्यादा देर न टिक सके और मोइन अली की गेंद पर विकेटकीपर बेयरस्टो को कैच थमा बैठे। इसके बाद मोहमद शमी भी जडेजा का ज्यादा साथ न दे सके और राशिद की गेंद पर शॉट खेलने के चक्कर में ब्रॉड को कैच थमा बैठे। शमी केवल एक रन बनाकर पवेलियन लौटे।11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए बुमराह ने कुछ देर तक जडेजा का साथ दिया। जडेजा और बुमराह ने अंतिम विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी की।
भारत का अंतिम विकेट बुमराह(0) के रूप में गिरा। बुमराह रन आउट हुए। जडेजा ने 156 गेंदों का सामना करते हुए 86 रनों की अपनी शानदार पारी में 11 चौके और एक छक्का भी लगाया। जडेजा अंत तक नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ जेस एंडरसन, बेन स्टोक्स और मोइन अली ने भारत के दो दो विकेट निकाले जबकि स्टुअर्ट ब्रॉड, आदिल राशिद और सैम करेन को एक एक विकेट मिला।
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, हनुमा विहारी, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड: जो रूट (कप्तान), एलिस्टेयर कुक, केटन जेनिंग्स, जॉनी बेयरस्टाॅ, जोस बटलर, मोईन अली, आदिल राशिद, सैम कुरेन, जेम्स एंडरसन, स्टुअर्ट ब्रॉड, बेन स्टोक्स।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website