
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष विराम में मध्यस्थता की पेशकश की है। उन्होंने दुनियाभर में इस्लामी मुल्कों के बीच एकजुटता की अपील भी की है। पेजेशकियन ने यह ऑफर पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के साथ एक बैठक के दौरान दिया है।
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए मदद की पेशकश की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पेजेशकियन ने मंगलवार को कहा कि तेहरान मध्यस्थता के लिए तैयार है। उनकी यह पेकशक तब आई है, जब तुर्की और कतर पहले ही दोनों देशों के बीच समझौते की नाकाम कोशिशें कर रहे हैं। इस्तांबुल में दोनों देशों के बीच आयोजित बैठक बिना किसी नतीजे के स्थगित हो गई है।
ईरानी राष्ट्रपति ने क्या कहा – इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की रिपोर्ट के अनुसार, पेजेशकियन ने मंगलवार को तेहरान में चौथे ईसीओ इंटीरियर मिनिस्टर्स मीटिंग से इतर पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के साथ एक बैठक के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने क्षेत्र में तनाव कम करने और टकराव से बचने के प्रयासों की जरूरत पर जोर दिया और पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच विवादों को सुलझाने के लिए ईरान की तैयारी जाहिर की।
उन्होंने आगे कहा, “आज, हम मुस्लिम देशों को इकट्ठा होकर अपने दुश्मनों के खिलाफ एक दूजे के साथ खड़ा होना पड़ेगा, ये बहुत जरूरी हो गया है।” ईरानी राष्ट्रपति की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं जब इस्तांबुल में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के प्रतिनिधिमंडलों के बीच बातचीत का नवीनतम दौर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाया है, जिसमें मध्यस्थों ने सुरक्षा चिंताओं पर किसी भी समझौते में बाधा डालने वाले कई मतभेदों को कारण बताया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website