Sunday , December 21 2025 8:31 AM
Home / News / भारत को ना तो नजरअंदाज कर सकते हैं और ना ही विश्वास… पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने फिर दी गीदड़भभकी

भारत को ना तो नजरअंदाज कर सकते हैं और ना ही विश्वास… पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने फिर दी गीदड़भभकी


पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर भारत को युद्ध की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान न तो भारत को नजरअंदाज कर सकता है और ना ही भरोसा कर सकता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अलर्ट है और युद्ध के लिए तैयार है। उन्होंने तालिबान को भी भारत के साथ जोड़ा।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर भारत को गीदड़भभकी दी है। उन्होंने कहा है कि हम भारत को नजरअंदाज नहीं कर सकते। आसिफ ने एक टीवी इंटरव्यू में आशंका जताई कि भारत कभी भी पाकिस्तान के खिलाफ दो मोर्चों पर युद्ध छेड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान पूरी तरह से अलर्ट और तैयार है। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने अपने बयान में कहा कि भारत नहीं चाहता है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के संबंध सामान्य हों और तालिबान के साथ विवादों का समाधान हो। उन्होंने पाकिस्तान में हो रहे आतंकवादी हमलों को लेकर भारत पर आरोप भी लगाए।
ख्वाजा आसिफ ने क्या कहा – ख्वाजा आसिफ ने कहा, “हम किसी भी परिस्थिति में न तो भारत की उपेक्षा कर रहे हैं और न ही उस पर भरोसा कर रहे हैं। हमारी तैयारी और अलर्ट अधिकतम है। किसी सूरत में भी हम भारत पर भरोसा नहीं कर सकते। मेरे विश्लेषण के आधार पर, मैं भारत की ओर से पूर्ण युद्ध या सीमा पर घुसपैठ या हमले (संभवतः अफगान) सहित किसी भी शत्रुतापूर्ण रणनीति की संभावना से इनकार नहीं कर सकता। वह दो मोर्चों पर हमारे खिलाफ ऑल आउट वार शुरू कर सकता है, जो भी उनकी रणनीति होगी। हमारी और भारत की जो सरहद है, उस पर भी कोई घुसपैठ या हमला कर सकता है। हमें पूरी तरह सतर्क रहना चाहिए।”
भारत पहुंचा अफगानिस्तान का प्रतिनिधिमंडल – अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी के बाद काबुल से एक उच्चस्तरीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल की आधिकारिक यात्रा शुरू हो गई। अफगानिस्तान के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अजीजी बुधवार दोपहर भारत दौरे पर पहुंचे। अफगानी प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे का उद्देश्य ईरान में भारत द्वारा विकसित चाबहार बंदरगाह की क्षमताओं का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करना है। इसके साथ ही अफगानिस्तान इस परियोजना में अधिक निवेश आकर्षित करना चाहता है।