
सियोल। उत्तर कोरिया ने अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच फिर उकसावे वाली टिप्पणी की है। उसने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एडोल्फ हिटलर के साथ तुलना की है।
साथ ट्रंप की ‘अमेरिका फर्स्ट’ की नीति को 21वीं सदी की नाजीवादी नीति करार दिया है। प्योंगयांग ने हफ्तेभर पहले ही ट्रंप को सनकी कहा था। उसने यह बात अमेरिकी छात्र ओटो वार्मबीयर की मौत से बढ़े तनाव के बीच कही थी।
वार्मबीयर उत्तर कोरिया में 18 माह जेल में रहने के बाद इस महीने के शुरू में कोमा की स्थिति में अमेरिका लौटा था जहां उसकी मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद ट्रंप ने उत्तर कोरियाई शासन को क्रूर बताया था।
ताजा मामले में उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी केसीएनए पर जारी लेख में ट्रंप की प्रमुख नीतियों की आलोचना की गई। इन्हें 21वीं सदी के नाजीवाद के समान करार दिया गया।
केसीएनए ने कहा कि अमेरिका फर्स्ट का सिद्धांत सेना के जरिये विश्व पर वर्चस्व का उसी तरह वकालत करता है जैस हिटलर का पूरी दुनिया पर कब्जे का सिद्धांत था।
ट्रंप दबदबे को न्यायसंगत ठहराने के लिए हिटलर की तानाशाही नीतियों का अनुसरण कर दूसरों को दोस्त और दुश्मन की श्रेणियों में बांट रहे हैं।
ट्रंप प्रशासन उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों को लेकर उस पर और सख्त प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है।
इस पर केसीएनए ने आरोप लगाया कि अमेरिका चिकित्सा आपूर्ति को बाधित कर रहा है। यह उसी तरह अनैतिक और अमानवीय है जैसे हिटलर ने लेनिनग्राद की घेरेबंदी की थी।
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान करीब 900 दिनों की घेरेबंदी के चलते इस रूसी शहर में लाखों लोग मारे गए थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website