
भारतीय टीम ने टी-20 सीरीज का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया है। उसने मेजबान श्रीलंका को पहले मुकाबले में 38 रन से हराते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। शिखर धवन की कप्तानी वाली टीम ने सूर्यकुमार यादव की हाफ सेंचुरी के दम पर 5 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 18.3 ओवरों में 126 रन पर ढेर हो गई। प्लेयर ऑफ द मैच भुवनेश्वर कुमार ने 4 विकेट झटके। इस तरह कथित आईपीएल इलेवन ने एकबार फिर श्रीलंकाई इंटरनैशनल टीम की हालत खस्ता कर दी है। इससे पहले भारत ने वनडे सीरीज 2-1 के अंतर से जीता था।
भारतीय पारी का रोमांच : भारत अच्छी फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक के बावजूद 5 विकेट पर 164 रन ही बना सका। सूर्यकुमार ने 34 गेंद में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 50 रन बनाने के अलावा कप्तान शिखर धवन (46) के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी भी की। धवन ने इससे पहले संजू सैमसन (27) के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। भारतीय टीम एक समय 14 ओवर में दो विकेट पर 113 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन दुष्मंता चमीरा (24 रन पर दो विकेट) और वानिंदु हसारंगा (28 रन पर दो विकेट) के सामने बल्लेबाज डेथ ओवरों में बड़े शॉट खेलने में नाकाम रहे। टीम अंतिम पांच ओवर में 43 रन ही बना सकी।
पृथ्वी साव का गोल्डन डक : श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और तेज गेंदबाज चमीरा ने पदार्पण कर रहे पृथ्वी साव को मैच की पहली ही गेंद पर विकेटकीपर मिनोद भानुका के हाथों कैच कराके मेजबान टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। कप्तान धवन और संजू सैमसन (27) ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने पावर प्ले में भारत का स्कोर एक विकेट पर 51 रन तक पहुंचाया। धवन ने पदार्पण कर रहे चमिका करुणरत्ने पर पारी का पहला चौका जड़ा और फिर स्पिनर अकिला धनंजय पर भी दो चौके मारे।
सैमसन और शिखर जमे : सैमसन ने भी छठे ओवर में अकिला के ओवर में चौके और छक्के से 16 रन बटोरे। लेग स्पिनर हसारंगा ने सैमसन को पगबाधा करके श्रीलंका को दूसरी सफलता दिलाई। सैमसन ने 20 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्का मारा। सूर्यकुमार एक बार फिर अच्छी लय में दिखे। उन्होंने हसारंगा पर दो चौके जड़ने के बाद उसुरू उदाना और करुणरत्ने की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए। धवन ने भी तेवर दिखाते हुए 12वें ओवर में अकिला पर छक्के और चौके साथ टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
सूर्यकुमार की धांसू फिफ्टी : धवन हालांकि करुणरत्ने की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर आशेन बंडारा को कैच दे बैठे। उन्होंने 36 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का जड़ा। सूर्यकुमार ने हसारंगा पर छक्के के साथ 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगली गेंद पर इसी शॉट को दोहराने की कोशिश में बाउंड्री पर कैच दे बैठे। उन्होंने 34 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और दो छक्के मारे।
हार्दिक नहीं दिखे लय में : ईशान किशन (नाबाद 20) और हार्दिक पंड्या को बड़े शॉट खेलने में परेशानी हुई। हार्दिक तो बिलकुल भी लय में नहीं दिखे। ईशान किशन ने 18वें ओवर में उदाना पर छक्का जड़ा लेकिन चमीरा के अगले ओवर में उन्हें जीवनदान मिला। हार्दिक ने एक बार फिर निराश किया और 12 गेंद में 10 रन बनाने के बाद चमीरा की गेंद पर विकेटकीपर को कैच थमा बैठे। भारतीय बल्लेबाज अंतिम दो ओवर में कोई बाउंड्री नहीं लगा पाए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website