Tuesday , February 10 2026 1:06 PM
Home / Sports / टोक्यो ओलंपिक में भारत की बेटियों के नाम रहे 3 पदक

टोक्यो ओलंपिक में भारत की बेटियों के नाम रहे 3 पदक

टोक्यो ओलंपिक खेलों में एक बार फिर भारत की बेटियों ने खेलों के माध्यम से देश का सिर ऊंचा रखने की सिलसिला जारी रखा है । अब तक वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन और बॉक्सिंग में भारतीय महिला खिलाड़ियों ने तीन पदक जीत लिए हैं। जापान की राजधानी टोक्यो में खेले जा रहे 32वें ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों में सबसे पहले मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग के 49 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीता। उसके बाद पीवी सिंधु बैडमिंटन महिला सिंगल्स में कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहीं। उन्होंने कांस्य पदक मैच में चीन की ह पिंगचियाओ को 21-13, 21-15 से हराया। इसी के साथ सिंधु भारत की इकलौती महिला खिलाड़ी बन गई हैं जिन्होंने ओलंपिक में दो पदक जीते हैं। वहीं टोक्यो में भारत के खाते में तीसरा पदक बॉक्सिंग में मिला। भारतीय बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन 69 किलोग्राम वेल्टरवेट कैटेगरी के सेमीफाइनल तक पहुंची लेकिन तुर्की की वर्ल्ड नंबर-1 मुक्केबाज बुसेनाज सुरमेनेली को हरा नहीं सकी और उन्हें 5-0 से शिकस्त मिली लेकिन इस हार के बाद भी लवलीना ने कांस्य पदक पक्का कर लिया और वे ओलंपिक के मुक्केबाजी इवेंट में पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय बॉक्सर बन गई । ओलंपिक खेलों में बॉक्सिंग में तीसरे स्थान के लिए मैच नहीं होता है और सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को कांस्य पदक दिया जाता है। 1972 के म्यूनिख ओलंपिक खेलों से बॉक्सिंग में दो कांस्य पदक देने की परंपरा शुरू हुई थी जो आज तक जारी है।

भारत के ओलंपिक इतिहास की बात करें तो अब तक 7 महिला खिलाड़ियों को ओलंपिक खेलों में 8 पदक जीतने में कामयाबी मिली है। साल 2000 में हुए सिडनी ओलंपिक खेलों में पहली बार किसी महिला खिलाड़ी ने भारत को पदक दिलाया। कर्णम मल्लेश्वरी ने वेटलिफ्टिंग की 59 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता था । इसके बाद लंदन ओलंपिक 2012 में साइना नेहवाल ने बैडमिंटन सिंगल्स में कांस्य पदक जीता। उसी ओलंपिक में एमसी मैरीकॉम ने महिला बॉक्सिंग के फ्लाईवेट कैटेगरी में कांस्य पदक जीतकर ख्याति प्राप्त की थी। 2016 में हुए रियो ओलंपिक खेलों में भारत की दो बेटियों ने पदक जीतने में कामयाबी हासिल की । बैडमिंटन के महिला सिंगल्स मुकाबलों में पीवी सिंधु ने रजत पदक जीता जबकि महिला कुश्ती के 59 किलोग्राम भारवर्ग में साक्षी मलिक ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया था।

टोक्यो ओलंपिक खेलों में भारत ने अब तक 5 पदक जीतने में कामयाबी हासिल की है। इसमें से तीन महिला खिलाड़ी हैं और दो पदक पुरुष वर्ग के खाते में गए हैं। जिसमें पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक और कुश्ती में रवि कुमार ने रजत पदक जीता है। और इसी के साथ भारत के खाते में कुल 33 ओलंपिक पदक चले गए हैं जिसमें 9 स्वर्ण, 9 रजत और 15 कांस्य पदक शामिल हैं।