Tuesday , February 10 2026 9:06 AM
Home / Sports / ओलंपिक के एथलेटिक्स में एशियाई देशों का बढ़ता दबदबा

ओलंपिक के एथलेटिक्स में एशियाई देशों का बढ़ता दबदबा

टोक्यो ओलंपिक गेम्स 2020 के एथलेटिक्स मुकाबलों में इस बार एक नया ट्रेंड उभर कर सामने आ रहा है। कुल 48 गोल्ड वाले एथलेटिक्स मुकाबलों में इस बार एशियाई देशों जैसे भारत, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया ने भी अपनी छाप छोड़ी हैं। एथलेटिक्स में भारत के 26 एथलीटों के प्रभावी प्रदर्शन पर नजर दौड़ाएं तो सबसे पहले जेवेलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा के स्वर्ण पदक ने विश्व पटल स्थापित करने वाली रहा। वहीं पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले रेस में राजीव, अमोज, टॉम और अनास की टीम ने 3 मिनट 0.25 सैकंड के समय के साथ एशियाई रिकार्ड बनाया। वहीं मिक्स्ड 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस टीम ने भी अपनी विश्व रैकिंग के आधार पर ओलंपिक में क्वालिफाई किया और सीज़न का बेस्ट प्रदर्शन किया। वहीं महिलाओं की डिस्कस थ्रो में कमलप्रीत कौर फाइनल 12 खिलाड़ियों में पहुंची जबकि महिलाओं की 20 किलोमीटर रेस वॉक में भारत की प्रियंका 17वें और भावना 32वें  स्थान पर रहीं। महिलाओं की 100 और 200 मीटर में दुती चंद ने वर्ल्ड एथलेटिक्स रैंकिंग के आधार पर ओलंपिक के लिए क्वालिफाइ किया जबकि पुरुषों की 20 किलोमीटर रेस वॉक में संदीप कुमार 23वें स्थान पर रहे। पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में अविनाश साबले ने 8 मिनट 18.12 सैकंड का नया नैशनल रिकार्ड बनाया।

वहीं एथलेटिक्स में चीन के प्रदर्शन पर गौर करें तो महिलाओं में लियू शिरयिंग ने जेवेलिन, शॉटपुट में कुंग लीचियाओ ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुषों की ट्रिपल जंप और महिलाओं के हैमर थ्रो में भी रजत पदक जीतने में कामयाब रहे। वहीं महिलाओं की 20 किलोमीटर रेस वॉक का कांस्य पदक लियू हांग ने जीता।  100 मीटर फर्राटा रेस में सू बिंगथिए ने सेमीफाइनल में 9.83 मीटर का नया एशियाई रिकार्ड बनाया और फाइनल में जगह बनाई। वहीं जिन मुकाबलों में चीन के एथलीट फाइनल में पहुंचे उसमें पुरुषों का लांग जंप फाइनल, महिलाओं का डिस्कस थ्रो, महिलाओं की 800 मीटर रेस, पुरुषों की ट्रिपल जंप, पुरुषों की 20 किलोमीटर रेस वॉक, महिलाओं की पोलवॉल्ट, पुरुषों की 50 किलोमीटर वॉक, महिलाओं और पुरुषों की 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस शामिल रहे।

इसके अलावा मेजबान जापान ने भी एथलेटिक्स में पुरुषों के 20 किलोमीटर रेस वॉक का रजत और कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे वहीं जिन स्पर्धाओं में जापान के एथलीट फाइनल में पहुंचे उनमें पुरुषों का लांगजंप, पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपल चेज़, महिलाओं की 5000 मीटर रेस, पुरुषों की50 किलोमीटर वॉक, महिलाओं की 20 किलोमीटर रेस वॉक, महिलाओं के जेवेलिन थ्रो, महिलाओं की 1500 मीटर, पुरुषों की 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस, महिला मैराथन, महिलाओं की 10,000 मीटर रेस शामिल रहे। जबकि दक्षिण कोरिया के हाईजंपर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में चौथे स्थान पर रहते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

 उम्मीद यही की जा रही है कि आने वाले ओलंपिक गेम्स और वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एशियाई देशों के खिलाड़ी ट्रैक ईवेंट्स में भी अपना प्रभाव छोड़े।

लेख : विवेक शर्मा