Thursday , March 12 2026 8:53 AM
Home / Uncategorized / इजराइली हमलों से तंग आए फिलीस्तीन ने भारत से मांगी मदद, कहा-“आप शक्तिशाली हो..अपनी ताकत से हमें बचाएं”

इजराइली हमलों से तंग आए फिलीस्तीन ने भारत से मांगी मदद, कहा-“आप शक्तिशाली हो..अपनी ताकत से हमें बचाएं”


इजराइल और हमास के बीच बीते डेढ़ माह से जारी जंग में अब तक 11 हजार लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग बेघर और विस्थापित हो चुके हैं। गाजा में इजराइली सेना के कहर से सहमे फिलीस्तीन बचाव के लिए भारत से मदद की गुहार लगाई है। भारत में फिलीस्तीनी राजदूत अदनान अबू अलहैजा ने कहा कि भारत शक्तिशाली है और अपनी ताकत दिखाकर हमें इजरायल से बचाने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के बाद से भारत ने शुरू से ही फिलीस्तीनी मुद्दे को समझा है। यूरोपीय, अमेरिकियों और अरबों को शांति के लिए इजराइल पर दबाव डालने की जरूरत है और यह काम भारत बाखूबी कर सकता है।
फिलीस्तीनी राजदूत ने कहा, हम शांति चाहते हैं और दुनिया के किसी भी शांति प्रेमी की तरह रहना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे अपनी मातृभूमि में स्वतंत्र रूप से खेलें। इस जंग को समाप्त करने में दुनिया हमारी मदद करें। हमें आत्मनिर्णय और शांति का अधिकार है। अलहैजा ने बताया, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू दुनिया के सबसे बड़े झूठे इंसान हैं। वह ‘ईरान, ईरान’ कहते रहते हैं। यहां तक कि अमेरिकियों ने भी स्पष्ट किया कि उन्हें इस संघर्ष में कोई ईरानी संलिप्तता नहीं मिली है। फिलीस्तीनी प्राधिकरण को ईरान से कोई समर्थन नहीं मिलता है।
गौरतलब है कि इजराइल ने बुधवार तड़के गाजा के सबसे बड़े अस्पताल अल-शिफा पर धावा बोल दिया। इजराइली सेना को संदेह है कि यहां सुरंगों का इस्तेमाल हमास कमांडरों द्वारा ठिकाने के रूप में किया जा रहा था। हालांकि हमास ने अस्पताल के भीतर उभर रहे मानवीय संकट पर जोर देते हुए इन आरोपों का जोरदार खंडन किया। रिपोर्टों के अनुसार अस्पताल हजारों फिलीस्तीनी मरीजों और हिंसा से बचने के लिए शरण लेने वाले व्यक्तियों से भरा हुआ है।