
केपटाउन: बॉल टैंपरिंग मामले में अंतराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ और ओपनर बल्लेबाज केमरन बैनक्राफ्ट को दोषी पाया है। आईसीसी ने स्टीव स्मिथ को एक मैच के लिए निलंबित किया है और मैच फीस का 100% जुर्माना भी लगाया है। ओपनर बल्लेबाज निलंबन से तो बच गए हैं लेकिन उनकी मैच फीस का 75% जुर्माना लगाया गया है साथ ही उन्हें 3 डीमेरिट प्वाइंट भी मिले हैं।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में चल रहे तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन बेनक्राफ्ट द्वारा बॉल टेंपरिंग को स्वीकार किया था और इसमें अपनी भागीदारी को भी माना था। बेनक्राफ्ट और स्मिथ दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गेंद से छेडख़ानी की थी। स्मिथ को कप्तानी से हटा दिया गया है।
बेनक्राफ्ट को टेलीविजन कैमरों ने गेंद पर कुछ पीली चीज लगाते हुए पकड़ा था। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी के 43वें ओवर के दौरान अंपायर नाइजेल लांग और रिचर्ड इलिंगवर्थ ने बेनक्राफ्ट से बात की। कवर पर क्षेत्ररक्षण करते समय उनके हाथ में कोई चीज देखी गई जिसके बाद अंपायरों ने उनसे बात की। अंपायरों के पास जाने से पहले बेनक्राफ्ट को अपने अंडरगारमेंट्स में छोटी सी पीली चीज रखते हुए देखा गया था।
बेनक्राफ्ट ने संवाददाता सम्मेलन में स्वीकार किया था कि वह टेप से गेंद की शक्ल बिगाडऩे की कोशिश कर रहे थे ताकि गेंद को रिवर्स स्विंग मिल सके। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के मुख्य कार्यकारी जेम्स सदरलैंडने इस मामले पर कहा कि आईसीसी मैच रेफरी ने अपनी सजा निर्धारित कर दी है। उन्होंने कहा, आईसीसी रेफरी ने बेनक्राफ्ट को लेकर अपना फैसला दे दिया है। खिलाड़ी ने भी इसे स्वीकारा है। सीए आने वाले दिनों में इसे लेकर अपना फैसला दे देगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website