
गणेश चतुर्थी के पहले दिन गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापित की जाती है और यह उत्सव 10 दिन तक चलता है। इस दौरान गणेश जी की सुबह-शाम पूजा होती है और उन्हें भोग भी दो बार ही लगाया जाता है। ऐसे में क्यों न हर बार कुछ नया ट्राई किया जाए। आज हम आपके लिए लाए हैं केसर श्रीखंड की रेसिपी, जिसे आप बप्पा को भोग लगा सकते हैं। यह खाने में टेस्टी ही नहीं बल्कि बनाने में काफी आसान होती है। आप इसे आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं घर पर केसर श्रीखंड बनाने की रेसिपी।
सामग्री:
दूध- 2 टेबलस्पून
क्रीम – 50 ग्राम
पनीर – 50 ग्राम
चीनी – 2 टेबलस्पून
केसर -1/4 टेबलस्पून (भीगा हुआ)
दही – 1/4 टेबलस्पून(फेंटा हुआ)
पिस्ता – 1 टेबलस्पून
पिस्ता -1/2 टेबलस्पून (गार्निश के लिए)
विधि :
1. सबसे पहले एक मलमल का साफ कपड़ा लें और इसमें 1/4 टेबलस्पून फेंटा हुआ दही डालें। कपड़े को दबाकर दही का सारा पानी निकाल दें और बचे हुए दही को बर्तन में डाल लें।
2. इसके बाद दही, 50 ग्राम क्रीम और 50 ग्राम पनीर को ब्लेंडर की मदद से मिक्स कर लें।
3. अब एक और बर्तन में 2 टेबलस्पून दूध, 2 टेबलस्पून चीनी,1 टेबलस्पून पिस्ता और 1/4 टेबलस्पून भीगे हुए केसर को अच्छी तरह से मिलाएं। इसे 2-3 घंटे के लिए फ्रीज में रख दें।
4. ठंडा होने पर इस सामग्री को दही, क्रीम और पनीर के तैयार घोल में डाल दें। अब इस केसर श्रीखंड को 1/2 टेबलस्पून कटे हुए पिस्ते के साथ गार्निश करें।
5. आपकी केसर श्रीखंड बनकर तैयार है। अब आप बप्पा को भोग लगाएं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website