
चीन के शंघाई शहर में बुधवार को मुंह के जरिए सांस भरकर लिये जाने वाले ‘सुई-मुक्त’ टीके की शुरुआत की गई। यह अपने तरह की दुनिया की पहली कोविड वैक्सीन है। शंघाई शहर के एक आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की गई एक घोषणा के अनुसार, इस टीके को मुंह के जरिये लिया जाता है। इसे पहले से टीका लगवा चुके व्यक्तियों के लिए बूस्टर खुराक के रूप में मुफ्त में दिया जा रहा है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इस तरह के सुई-मुक्त टीके कमजोर स्वास्थ्य प्रणालियों वाले देशों में टीकाकरण को अधिक सुलभ बना देंगे, क्योंकि इस टीके का इस्तेमाल आसान होता है। सुई-मुक्त टीके के लिए उन लोगों को राजी किया जा सकता है जिन्हें सुई के रूप में टीके लगवाना पसंद नहीं है। इससे गरीब देशों में टीकाकरण का दायरा बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
चीन चाहता है कि कोविड-19 महामारी के प्रतिबंधों में ढील दिये जाने से पहले उसके अधिक से अधिक नागरिकों को बूस्टर टीके की खुराक लग जाये। इस महामारी के कारण चीन की अर्थव्यवस्था ठहरी हुई सी है और वह शेष दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल पाने की स्थिति में असहज महसूस कर रहा है। चीन के सरकारी ऑनलाइन मीडिया संस्थान द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लोगों को एक पारभासी सफेद कप के छोटे नोजल को अपने मुंह में चिपकाते हुए दिखाया गया है। साथ में दी गयी विषय-वस्तु में लिखा गया है कि धीरे-धीरे सांस लेने के बाद एक व्यक्ति ने पांच सेकेंड के लिए अपनी सांस रोक कर रखी और पूरी प्रक्रिया 20 सेकंड में पूरी हो गई।
Home / News / कोरोना वैक्सीन के इंजेक्शन से लगता है डर? पोलियो ड्रॉप की तरह मुंह से लें खुराक, चीन में हुई शुरुआत
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website