Friday , October 2 2026 2:29 AM
Home / Lifestyle / प्रेग्‍नेंसी की आख‍िरी त‍िमाही में मह‍िलाओं को झेलना पड़ता है फॉल्‍स लेबर पेन, जानें असल से कैसे होता है यह अलग

प्रेग्‍नेंसी की आख‍िरी त‍िमाही में मह‍िलाओं को झेलना पड़ता है फॉल्‍स लेबर पेन, जानें असल से कैसे होता है यह अलग


प्रेग्नेंसी के तीसरे ट्राइमेस्टर में होने वाला दर्द हमेशा डिलीवरी का संकेत नहीं होता। कई बार यह प्रोड्रोमल, यानी फॉल्स लेबर, भी हो सकता है। अमेरिकन प्रेग्नेंसी एसोसिएशनके अनुसार, यह शरीर को असली लेबर के लिए तैयार करता है, लेकिन इससे डिलीवरी की शुरुआत नहीं होती है। आइए, इस बारे में और विस्तार से जानते हैं।
क्‍या होता है प्रोड्रोमल लेबर? – प्रोड्रोमल लेबर प्रसव प्रक्रिया का एक सामान्य हिस्सा है। इस दौरान महिला के पेट में आने वाले कॉन्‍ट्रैक्‍शन (ऐंठन या मरोड़) कभी-कभी एक्टिव लेबर के कॉन्‍ट्रैक्‍शन जितने ही दर्दनाक लग सकते हैं। ये समय-समय पर आते हैं और कुछ मिनटों तक रह सकते हैं।
ऐसा माना जाता है कि ये कॉन्‍ट्रैक्‍शन शिशु को जन्म के लिए सही स्थिति में लाने में मदद करते हैं। साथ ही, ये महिला के गर्भाशय और पेल्विस की मांसपेशियों को सक्रिय लेबर के लिए तैयार करते हैं।
क्‍लीवलैंड क्‍लीन‍िक की रिपोर्ट कहती है कि प्रोड्रोमल लेबर प्रेग्नेंसी की आखिरी तिमाही में महसूस होता है और इसी वजह से कई महिलाएं इसे असली लेबर की शुरुआत समझ लेती हैं। इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
कब शुरू होता है यह दर्द? – अधिकतर महिलाओं में प्रोड्रोमल लेबर प्रेग्नेंसी के लगभग 37वें सप्ताह के आसपास शुरू हो सकता है। इसकी अवधि निश्चित नहीं होती और यह हर महिला और हर गर्भावस्था में अलग-अलग हो सकती है। फॉल्स लेबर की कॉन्ट्रैक्शन कभी-कभी कई दिनों तक भी चल सकती है।
क‍ितनी देर रहता है यह दर्द ? – Cleveland Clinic के लेख में यह भी बताया गया है क‍ि फॉल्स लेबर कॉन्ट्रैक्शन आमतौर पर हल्के दर्द वाले होते हैं। ये हर पांच मिनट में आ सकते हैं और लगभग 60 सेकंड तक रह सकते हैं, लेकिन समय के साथ इनमें कोई बढ़ोतरी नहीं होती। इसका मतलब यह नहीं है कि महिला की सर्विक्स फैल रही है या फ‍िर वह वास्तव में लेबर पेन में जा रही हैं।
क्‍या होते हैं प्रोड्रोमल लेबर के लक्षण ? -पेट के सामने वाले हिस्से में कसाव या कड़ापन आना
दर्द या ऐंठन जो समय के साथ बढ़ती नहीं है
हर कॉन्‍ट्रेक्शन 1 मिनट तक चलता है
कॉन्‍ट्रेक्‍शन जो पांच मिनट के अंतराल पर होते हैं (और इससे कम अंतराल पर कभी नहीं)
फाॅल्‍स लेबर पेन से कैसे न‍िपट सकते हैं ? अमेर‍िकन प्रेग्‍नेंसी एसोस‍िएशन इस संबंध में कहती है कि फॉल्स लेबर पेन से निपटने के लिए आराम करना बेहद जरूरी है। चूंकि कुछ समय बाद एक्टिव लेबर शुरू होने की संभावना रहती है, इसलिए महिलाओं को अपनी एनर्जी बचाकर रखने की सलाह दी जाती है। इसके साथ ही, राहत पाने के लिए महिलाएं नीचे दिए गए तरीके भी अपना सकती हैं:
गुनगुने पानी से नहाएं – अगर यह रात में शुरू होता है, तो थोड़ी देर सोने की कोशिश करें।
एक झपकी ले लें।
कुछ स्नैक्स खा लीजिए।
पानी या स्पोर्ट्स ड्रिंक पिएं।
हल्का-फुल्का कोई काम करने की कोशिश करें, जैसे कि अस्पताल जाने के लिए अपना बैग पैक करना।
थोड़ी देर आराम से टहलें। – ऐसे काम करें जिनसे आपको र‍िलैक्‍स मिले, जैसे- किताब पढ़ें, सुरक्षित हर्बल चाय पिएं, संगीत सुनें, ध्यान करें आदि।
क‍िन लक्षणों से समझ सकते हैं मह‍िला एक्‍ट‍िव लेबर पेन में है ?
अमेर‍िकन प्रेग्‍नेंसी एसोस‍िएशन के लेख में बताया गया है कि पेल्विक जांच के बिना यह बताना हमेशा संभव नहीं होता है क‍ि कि फॉल्स लेबर एक्टिव लेबर कॉन्ट्रैक्शन में बदल गए हैं या नहीं।
हालांकि, कुछ लक्षण इसे समझने में मदद कर सकते हैं। जैसे-अगर कॉन्ट्रैक्शन नियमित अंतराल पर 5 मिनट से कम गैप में होने लगें, हर कॉन्ट्रैक्शन 1 मिनट से ज्यादा समय तक चले और यह स्थिति लगातार 1 घंटे से अधिक बनी रहे, तो आपको अपनी गायनेकोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए। क्योंकि वही आपको बता सकती हैं कि ये वास्तव में लेबर पेन के लक्षण हैं या नहीं।
कब डॉक्टर से संपर्क करें – क्‍लीव‍लैंड क्‍लीन‍िक की जानकारी के मुताबिक, अगर कॉन्‍ट्रैक्‍शन के दौरान प्राइवेट पार्ट से ब्लीडिंग हो रही है या आपको ऐसा लग रहा है कि आपके बच्‍चे की मूवमेंट सामान्‍य रूप से कम हो रही है, तो ऐसी स्थिति में तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।