Wednesday , October 15 2025 8:37 AM
Home / Entertainment / Bollywood / फिर बदली अजय देवगन की मैदान की प्रदर्शन तिथि, अब मई 2023 में

फिर बदली अजय देवगन की मैदान की प्रदर्शन तिथि, अब मई 2023 में

बोनी कपूर निर्मित और अजय देवगन अभिनीत फिल्म मैदान को लेकर जब भी कोई खबर मीडिया में आती है वह उसके प्रदर्शन तिथि को लेकर ही होती है। वर्ष 2023 में जिन फिल्मों में अजय देवगन नजर आने वाले हैं उनमें उनकी फिल्म मैदान भी शामिल है जिसमें वे फुटबॉल कोच के रूप में नजर आएंगे। इस फिल्म की प्रदर्शन तिथि पहले भी कई बार बदली जा चुकी है। अब एक बार फिर से इस फिल्म की प्रदर्शन तिथि में बदलाव किया गया है।
गौरतलब है कि मैदान सबसे पहले 15 अक्टूबर 2021 को प्रदर्शित होने वाली थी। लेकिन कोविड के माहौल के चलते पूरी तरह से सिनेमाघर नहीं खुले थे जिसके चलते फिल्म की प्रदर्शन तिथि को बदल कर जून 2022 कर दिया गया। किन्हीं कारणों के चलते फिल्म अपनी प्रदर्शन तिथि जून 2022 में प्रदर्शित न हो सकी जिसके चलते उसे आगे सरकाते हुए 17 फरवरी 2023 कर दिया गया था। अब जब फिल्म की प्रदर्शन तिथि नजदीक आ रही थी तभी अचानक से इस फिल्म को एक बार फिर पोस्टपोन कर दिया गया है। अब मैदान 12 मई 2023 को सिनेमाघरों में उतरेगी।
प्राप्त समाचारों के अनुसार फरवरी 2023 में कई फिल्मों का प्रदर्शन होना है। इसी के कारण अजय नहीं चाहते हैं कि उनकी फिल्म बाकी फिल्मों के बीच फंसे और बॉक्स ऑफिस पर असर पड़े। इस वजह से उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाने की निर्माताओं से अपील की थी। निर्माताओं ने अजय की बात को स्वीकार करते हुए इसे आगे बढ़ा दिया है।
मैदान का निर्देशन अमित शर्मा ने किया है और निर्माण बोनी कपूर, जी स्टूडियो, अरुणवा जॉय सेनगुप्ता और आकाश चावला ने मिलकर किया है। फिल्म में अजय देवगन फुटबॉलर कोच अब्दुल रहीम की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अजय देवगन के अतिरिक्त प्रियामणि (चेन्नई एक्सप्रेस, द फैमिली मैन फेम), रुद्रानी घोष और गजराव राव भी नजर आएंगे।
फिल्म में वर्ष 1952 से लेकर 1962 तक के सालों का भारतीय फुटबाल का दौर दिखाया जाएगा। इन 10 वर्षों को भारतीय फुटबाल का सुनहरा दौर कहा जाता है। फुटबालर अब्दुम रहीम के नेतृत्व में भारतीय फुटबाल टीम 1956 के ओलम्पिक्स में सेमीफाइनल तक पहुँची थी।