Friday , April 10 2026 2:25 PM
Home / News / ब्रह्मोस मिसाइल के जनक अलेक्जेंडर लियोनोव का निधन, भारत के थे करीबी दोस्त, DRDO संग किया था काम

ब्रह्मोस मिसाइल के जनक अलेक्जेंडर लियोनोव का निधन, भारत के थे करीबी दोस्त, DRDO संग किया था काम


रूसी मिसाइल डिजाइनर और ब्रह्मोस के सह-विकासकर्ता अलेक्जेंडर लियोनोव का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 5 अप्रैल 2026 को अंतिम सांस ली। अलेक्जेंडर लियोनोव ने एनपीओ माशिनोस्ट्रोयेनिया के सीईओ और मुख्य डिजाइनर के रूप में काम किया था। उन्होंने जिरकॉन मिसाइल और भारत-रूस की नई पीढ़ी की ब्रह्मोस-एनजी मिसाइल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह रूस की मिसाइल डिजाइन की दिग्गज कंपनी एन पोलमाश का नेतृत्व कर रहे थे। यह कंपनी रूस के लिए नेक्स्ट जेनरेशन काी मिसाइल विकसित कर रही थी।
अलेक्जेंडर लियोनोव ने ब्रह्मोज एनजी में भी निभाई भूमिका – एन पोलमाश ने भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के साथ मिलकर ब्रह्मोस का निर्माण किया, जो दुनिया की सबसे तेज ऑपरेशनल सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है। ब्रह्मोस ने अपनी Mach 3 गति, सटीकता और बहुमुखी प्रतिभा से दुनिया भर में तहलका मचा दिया, जिससे यह सबसे तेज ऑपरेशनल क्रूज़ मिसाइल बन गई। ब्रह्मोस दुनिया की इकलौती ऐसी मिसाइल है, जिसे जल, थल, नभ और पानी के अंदर से भी दागा जा सकता है।
अलेक्जेंडर लियोनोव हथियारों के जादूगर – लियोनोव ब्रह्मोस पर ही नहीं रुके। उन्होंने P-700 ग्रैनिट, P-1000 वल्कन और K-300P बैस्टियन-P मिसाइलों को भी विकसित किया। इनमें से हर एक मिसाइल ब्रह्मोस तकनीक का ही एक विकसित रूप थी। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि रूस की हाइपरसोनिक जिरकॉन (Zircon) मिसाइल थी, जिसकी गति Mach 9 है। जिरकॉन दुनिया की सबसे तेज मिसाइल है, जिसे हवा से फायर किया जा सकता है। रूस ने यूक्रेन युद्ध में जिरकॉन मिसाइल का इस्तेमाल किया है। जिरकॉन की मारक क्षमता 400 से 1,500 किलोमीटर के बीच है। यह पारंपरिक या परमाणु दोनों प्रकार के वारहेड ले जा सकता है।
लियोनोव को रूस ने सम्मान से नवाजा – मिसाइल और अंतरिक्ष प्रणालियों पर उनके योगदान के लिए लियोनोव को ‘गोल्डन स्टार ऑफ हीरो ऑफ लेबर’ से सम्मानित किया गया। यह रूस और पूर्व सोवियत संघ का सर्वोच्च सम्मान है, जो अर्थव्यवस्था, विज्ञान, संस्कृति या रक्षा क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए दिया जाता है। यह 14K सोने से बनी एक पांच-कोने वाली सितारा-आकार की पदक है, जिस पर हथौड़ा और दरांती बनी होती है।