
कांग्रेस नेता राहुल गांधी फ्लाइंग किस विवाद में घिर गए हैं। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी ने राहुल पर सदन में महिला सांसदों की तरफ ‘फ्लाइंग किस’ का आरोप लगाया। राहुल के ठीक बाद सदन में बोलते हुए उन्होंने यह गंभीर आरोप लगाया और कहा कि सदन में पहले कभी ऐसा आचरण नहीं देखा गया। बाद में भाजपा की 20 महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की और वायनाड से सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि अगर राहुल गांधी पर आरोप सही पाया गया तो क्या ऐक्शन लिया जा सकता है? फिलहाल यह मामला स्पीकर ओम बिरला के पास है। उन्हें फुटेज देखकर आगे का फैसला करना है। सूत्रों ने हमारे सहयोगी अखबार इकोनॉमिक टाइम्स को बताया कि इस मामले को लोकसभा की एथिक्स कमेटी को भेजा जा सकता है। इसमें 15 सदस्य हैं और अध्यक्ष भाजपा सांसद विनोद सोनकर हैं। यह कमेटी ऐसे ही मामलों की जांच करती है और सभी पक्षों का मत सुनती है। सुझावों के साथ अपनी रिपोर्ट स्पीकर के सामने रखती है। समझा जा रहा है कि अगर राहुल पर आरोप सही पाया गया तो उन्हें सख्त चेतावनी दी जा सकती है।
जिन्हें (राहुल गांधी को) आज मुझसे पहले वक्तव्य देने का अधिकार दिया गया उन्होंने जाते-जाते एक अभद्र कार्य किया। यह केवल महिला से द्वेष रखने वाला व्यक्ति ही हो सकता है जो संसद में महिला सदस्यों के रहते हुए ‘फ्लाइंग किस’ की मुद्रा प्रदर्शित करे। ऐसा गरिमाविहीन आचरण इस देश की संसद में कभी नहीं देखा गया। पूरे देश ने देखा है कि इस परिवार की संस्कृति क्या है।
स्मृति ईरानी – 20 महिला सांसदों के हस्ताक्षर वाले शिकायत पत्र में कहा गया है, ‘हम आपका ध्यान आज सदन में राहुल गांधी से संबंधित एक घटना की ओर दिलाना चाहती हैं। इस सदस्य ने अभद्र आचरण दिखाया। उस समय केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी को लेकर अभद्र भाव-भंगिमा प्रदर्शित की, जब वह सदन को संबोधित कर रही थीं।’ भाजपा की महिला सांसदों ने मांग की कि सदस्य (राहुल) के ऐसे अभद्र आचरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए जिन्होंने न केवल सदन में एक महिला सदस्य को अपमानित किया है बल्कि इस सदन की गरिमा को कम किया है।
संसद में राहुल गांधी को ‘फ्लाइंग किस’ देते किसने देखा? केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर लोकसभा में ‘अभद्र इशारा’ करने का आरोप लगाया। इसपर संसद के भीतर और बाहर, काफी बवाल हो रहा है।
राहुल ने कथित रूप से बीजेपी की महिला सांसदों की तरफ ‘फ्लाइंग किस’ दिया। बीजेपी नेताओं ने संसद टीवी का वीडियो भी सबूत के तौर पर शेयर किया।
राहुल के खिलाफ 20 से ज्यादा महिला सांसदों ने लोकसभा स्पीकर से शिकायत की है। इन सांसदों में से कुछ ने मीडिया से बातचीत भी की।
केंद्र में राज्य मंत्री दर्शना जरदोश के भी पत्र पर हस्ताक्षर हैं। सांसदों ने मांग की कि राहुल के ऐसे अभद्र आचरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा, ‘वह (राहुल) स्मृति ईरानी और सभी महिला सदस्यों की ओर फ्लाइंग किस उछालते हुए बाहर निकल गए। यह सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार है।’
बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने भी राहुल की शिकायत की है। हालांकि, उन्होंने एक चैनल से बातचीत में कहा कि वे राहुल को ऐसा करते देख नहीं पाईं।
महाराष्ट्र के रावेर से लोकसभा सांसद रक्षा खडसे के हस्ताक्षर भी लोकसभा स्पीकर को दी गई शिकायती चिट्ठी पर हैं।
यूपी के बदायूं से बीजेपी की लोकसभा सांसद संघमित्रा मौर्य ने भी राहुल के खिलाफ ऐक्शन की डिमांड रखी है।
समझा जाता है कि चर्चा में हिस्सा लेने के बाद जब राहुल गांधी सदन से बाहर निकल रहे थे, तब सत्तारूढ़ पक्ष के कुछ सदस्यों की टीका-टिप्पणी पर कांग्रेस सांसद ने फ्लाइंग किस की भाव-भंगिमा प्रदर्शित की।
कांग्रेस बोली, स्मृति को ‘राहुल फोबिया’- लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक मणिकम टैगोर ने ईरानी पर ‘राहुल-फोबिया’ से पीड़ित होने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें इससे बाहर निकलना चाहिए। टैगोर ने कहा, ‘स्मृति ईरानी ‘राहुल फोबिया’ से ग्रस्त हैं और उन्हें इससे बाहर निकलने की कोशिश करनी चाहिए।’ कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘स्मृति इरानी जी, आपको अपनी नौटंकी बंद करनी चाहिए। 78 दिन तक जब तक वो भयावह वीडियो नहीं आया तब तक मुंह से एक शब्द नहीं फूटा था। आपका यह नकली आक्रोश और पाखंड बेशर्मी का एक नया मानक है। किसी के पास इस नाटक के लिए वक्त नहीं है।’
Rahul Gandhi News: राहुल के अविश्वास प्रस्ताव भाषण पर नया विवाद, स्मृति बोलीं, जाते-जाते अभद्र इशारा किया
थरूर बोले, स्मृति ने अपने पाले में गोल किया
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राहुल गांधी के भाषण को शानदार और उत्साहजनक करार दिया और कहा कि स्मृति इरानी ने अपने ही पाले में गोल कर दिया।
शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने भी राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा, ‘मैं दर्शक दीर्घा में थी और उन्होंने (राहुल गांधी ने) स्नेह व्यक्त करते हुए ऐसा किया। वे (भाजपा) प्यार को स्वीकार नहीं कर सकते।’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website