Saturday , January 10 2026 11:41 AM
Home / News / समंदर में डकैती कर रहा है अमेरिका’, रूसी तेल टैंकर पर US के कब्जे के बाद फूटा रूस का गुस्सा

समंदर में डकैती कर रहा है अमेरिका’, रूसी तेल टैंकर पर US के कब्जे के बाद फूटा रूस का गुस्सा


उत्तरी अटलांटिक महासागर में वेनेजुएला से आ रहे रूसी तेल टैंकर ‘मरीनेरा (Marinera)’ पर अमेरिकी सेना द्वारा कब्जा किए जाने के बाद रूस और अमेरिका के बीच तनाव बेहद बढ़ गया है। रूस ने इस कार्रवाई को खुले समंदर में की गई डकैती बताया है और अमेरिका पर अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। मॉस्को का कहना है कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा के लिए खतरनाक मिसाल बन सकता है।
रूस का आरोप: खुले समंदर में जबरन कब्जा – रूसी सरकारी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह रूसी झंडे वाले टैंकर पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई से जुड़ी सभी खबरों पर कड़ी नजर रखे हुए है।
रूस ने अमेरिका से मांग की है कि टैंकर पर मौजूद रूसी नागरिकों के साथ मानवीय और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उनके अधिकारों और हितों का पूरा सम्मान हो और जहाज पर मौजूद रूसी क्रू की जल्द और सुरक्षित रूस वापसी में कोई रुकावट न डाली जाए।
जहाज से संपर्क टूटा, रूस ने जताई चिंता – रूसी परिवहन मंत्रालय ने पुष्टि की है कि सुबह करीब 7 बजे (ET) अमेरिकी सैन्य बल जहाज पर चढ़े और इसके बाद से टैंकर Marinera से संपर्क पूरी तरह टूट गया। मंत्रालय ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह 1982 के संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून (UNCLOS) का सीधा उल्लंघन है। इस कानून के तहत कोई भी देश दूसरे देश के कानूनी रूप से पंजीकृत जहाज पर बल प्रयोग नहीं कर सकता।