
टी20 विश्व कप 2026 के शुरू होने में अब एक महीने से भी कम का समय बचा हुआ है। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी को टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। इससे पहले श्रीलंका ने विक्रम राठौर को अपना बल्लेबाजी कोच बनाया है। उनका कार्यकाल सिर्फ विश्व कप तक ही रहेगा। विक्रम भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच भी रह चुके हैं। उनसे पहले श्रीलंका ने आर श्रीधर को टी20 विश्व कप तक फील्डिंग कोच नियुक्त किया था।
5 साल टीम इंडिया के साथ रहे विक्रम राठौर – श्रीलंका का पिछले कुछ समय में प्रदर्शन काफी लचर रहा है। टीम ने 2014 में भारत को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। इसके बाद से किसी भी टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच पाई है। 2024 में ही ग्रुप राउंड से ही उसे बाहर होना पड़ा था। विक्रम राठौर करीब 5 साल तक भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच थे। उनके जुड़ने से श्रीलंका के खिलाड़ियों को काफी मदद मिलेगी। उनका कार्यकाल 18 जनवरी से 10 मार्च तक का होगा।
56 साल के विक्रम राठौर ने भारत के लिए 6 टेस्ट और 7 वनडे खेले हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका औसत करीब 50 का है और 33 शतक लगाए हैं। श्रीलंका क्रिकेट ने अपने बयान में कहा, ‘श्रीलंका क्रिकेट को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि पूर्व भारतीय बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ को श्रीलंका राष्ट्रीय टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। उन्हें सलाहकार आधार पर नियुक्त किया गया है और उनका मुख्य ध्यान आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी पर होगा।’
आयरलैंड के खिलाफ श्रीलंका का पहला मैच – अभी विक्रम राठोर आईपीएल की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के साथ असिस्टेंट कोच के रूप में जुड़े हुए हैं। टी20 विश्व कप भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाना है। श्रीलंका की टीम ग्रुप बी में है। इसमें उसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान और जिम्बाब्वे भी शामिल है। टूर्नामेंट में 8 फरवरी को श्रीलंका को अपना पहला मुकाबला आयरलैंड के खिलाफ कोलंबो में खेलना है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website