
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर इन दिनों भारतीय अंडर19 टीम के साथ दो चार दिवसीय मैच खेलकर इंग्लैंड पहुंच चुके हैं, जहां पर वो इंग्लैंड की महिला क्रिकेटर डेनियल वाइट से मिले और उनके साथ लंच पर गए। इन दोनों की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
दरअसल, यह तस्वीर अर्जुन ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जारी की है। इंग्लैंड में अपनी छुट्टियां बिता रहे अर्जुन ने डेनियल के साथ लंच किया। इससे पहले भी कई बार दोनों एक दूसरे को मिल चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले यूथ टेस्ट के पहले दिन अर्जुन ने अपने दूसरे ही ओवर में विकेट लेकर सभी को प्रभावित किया। हालांकि वह सीरीज में वैसी सफलता हासिल नहीं कर पाए, जैसी उम्मीद की जा रही थी। वह बल्ले से भी कुछ नहीं कर पाए। दो मैचों में सिर्फ तीन विकेट के अलावा उन्होंने 0 और 14 रनों की दो पारियां खेलीं।
वहीं दूसरी ओर डेनियल महिला सुपर लीग में सदर्न वायपर्स की तरफ से खेल रही हैं। इस लीग में अबतक इन्होंने अपनी 6 पारियों में 94 रन बनाए हैं। आपको बता दें कि डेनियल ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को ट्विटर पर शादी के लिए प्रपोज किया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website