
वर्ल्ड कप 2023 के अपने पहले मैच में भारतीय टीम की टक्कर ऑस्ट्रेलिया से होगी। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 12 साल से आईसीसी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का इंतजार है। भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया से टक्कर आसान नहीं रहने वाली है। ऑस्ट्रेलिया 5 बार का वर्ल्ड चैंपियन है। हालांकि पिछले महीने वनडे सीरीज में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था। लेकिन वर्ल्ड कप का दबाव अलग होता है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के इस मैच में कई खिलाड़ियों की आपस में टक्कर होगी। इन टक्करों से ही विजेता का फैसला निकलेगा। चलिए हम आपको 5 ऐसी ही टक्कर के बारे में बताते हैं।
रोहित शर्मा हमेशा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के खिलाफ जूझते नजर आते हैं। अगर पिच में स्विंग हो तो रोहित को और ज्यादा परेशानी होती है। दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को वर्ल्ड कप में कोई तोड़ नहीं होता। स्टार्क ने रोहित को वनडे में तीन बार आउट किया है। वहीं रोहित ने उनके खिलाफ 106 की स्ट्राइक रेट और 49 की औसत से 146 रन बनाए हैं।
मैक्सवेल vs बुमराह – ऑस्ट्रेलिया के फिनिशर ग्लेन मैक्सवेल की भिड़त जसप्रीत बुमराह से होगी। बुमराह की सटीक यॉर्कर के खिलाफ रन बनाना कभी आसान नहीं रहा है। वनडे में बुमराह के खिलाफ मैक्सवेल ने 61 गेंद पर 68 रन बनाए हैं। वह दो बार आउट हुए हैं। दोनों के बीच एक बार फिर कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
अश्विन vs वॉर्नर – चेन्नई की पिच में स्पिन को मदद रहने की पूरी उम्मीद है। ऐसे में रविचंद्रन अश्विन और डेविड वॉर्नर में टक्कर देखने को मिलेगा। वॉर्नर के खिलाफ कप्तान रोहित पावरप्ले में ही अश्विन से बॉलिंग करवा सकते हैं। हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में वॉर्नर ने अश्विन के खिलाफ दाहिने हाथ से बैटिंग की थी। अश्विन ने वॉर्नर को इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक 14 बार आउट किया है।
स्मिथ vs कुलदीप – कुलदीप यादव भारत के प्रमुख स्पिनर हैं और स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम की जान। दोनों की भिड़ंत से काफी कुछ तय होगा। कुलदीप के खिलाफ स्मिथ ने वनडे में 59 की औसत से 119 रन बनाए हैं। कुलदीप अभी तक दो बार ही उन्हें आउट कर पाए हैं। लेकिन अभी कुलदीप शानदार लय में हैं।
विराट vs जम्पा – एडम जम्पा वह गेंदबाज हैं, जिसने विराट कोहली को हमेशा परेशान किया है। वनडे में वह विराट को 5 बार जबकि टी20 में 3 बार आउट कर चुके हैं। हालांकि विराट भी उनके खिलाफ खुलकर बैटिंग करते हैं। 46 की औसत और 110 की स्ट्राइक रेट से जम्पा के खिलाफ विराट के 230 रन हैं।
Home / Sports / अश्विन vs वॉर्नर, रोहित और स्टार्क में भी टक्कर, इन 5 भिड़ंत से निकलेगा भारत-ऑस्ट्रेलिया की जंग का नतीजा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website