Wednesday , March 4 2026 9:26 PM
Home / Sports / एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने चार स्वर्ण और जीते

एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने चार स्वर्ण और जीते

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

8 जुलाई, 2017- भुवनेश्वर से विवेक शर्मा

झमाझम बरसात, ऊपर जाता तिरंगा और स्टेडियम में गूंजता राष्ट्रगान । भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में शुक्रवार के दिन कुछ इसी तरह का नज़ारा देखने को मिला। एशियन एथलेटिक्टस चैंपियनशिप का दूसरा दिन भी भारतीय खिलाड़ियों के नाम रहा और भारत ने चार स्वर्ण पदक जीते। भुवनेश्वर में शाम से ही बारिश के आसार दिखाई दे रहे थे और तकरीबन 6 बजे काफी तेज बारिश हुई जिसकी वजह से खेल को थोड़ी देर रोकना पड़ा। लेकिन इसके बाद स्टेडियम में भारत के लिए सोने की बारिश हुई। 1500 मीटर के पुरुष और महिला ईवेंट में भारतीय एथलीटों ने बाजी मारी। पुरुषों में अजय कुमार सरोज ने 3 मिनट और 45.85 सैकंड के के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। डेविड रूडिशा को अपना आदर्श मानने वाले अजय ने कहा कि  “ अब वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी है, लंदन में डेविड रूडिशा से काफी सीखने को मिलेगा “। एशियन एशिलेटिक्स चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता को वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने का मौका मिलता है। 1500 मीटर महिला वर्ग में चित्रा ने बारिश की चुनौती को धता बताते हुए पहला स्थान हासिल किया। पुरुषों के 400 मीटर में मोहम्मद अनास ने 45.77 सैकंड की समय लेते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया वहीं अरोकिया राजीव रजत पदक जीतते हुए दूसरे स्थान पर रहे। स्वर्ण पदक जीतने के बाद अनास ने कहा कि “वर्ल्ड चैंपियनशिप में  45 सैकंड से कम समय लेकर रेस पूरी करना चाहता हूं” । महिलाओं की 400 मीटर में भारत की निर्मला ने 52.01 सैकंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया। इसी रेस में जिसना मैथ्यू ने कांस्य पदक जीता। इसके अलावा महिलाओं की 100 मीटर फाइनल में भारत की दुती चंद को कांस्य से ही संतोष करना पड़ा। दुती ने 11.52 सैकंड का समय लिया। वर्ल्ड चैंपियनशिप में क्वालिफाई करने के लिए उन्हें 11.26 सैकंड या गोल्ड मैडल की ज़रूरत थी। हालांकि दुती के पास अभी 100 मीटर रिले और 200 मीटर में स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद है। इसके अलावा पुरुषों के शॉट पुट में भारत के तेजिंदरपाल सिंह ने 19.77 मीटर दूर गोला फेंक कर रजत पदक जीता।

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप अगले महीने 4 अगस्त से लंदन में आयोजित होना है।