
ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी कैमरन ग्रीन ने अपनी फ्रैक्चर वाली ऊंगली की एक्स-रे तस्वीर साझा की है। 23 साल के इस खिलाड़ी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऊंगली में फ्रैक्चर के साथ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक बनाया था। ग्रीन ने सोशल मीडिया पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उनकी टूटी ऊंगली के एक्स-रे की तस्वीर भी शामिल थी। 23 वर्षीय ने पोस्ट को कैप्शन दिया, एक हफ्ते का रोलरकोस्टर।
ग्रीन को एमसीजी में दूसरे दिन एनरिच नार्जे की 145 किमी प्रति घंटे के रफ्तार से आई गेंद हिट हुई थी। अपने दस्ताने से खून बहने के बाद ग्रीन ने मैदान छोड़ दिया था। उम्मीद थी कि वह आगे नहीं खेल पाएंगे लेकिन वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे और टूटी हुई ऊंगली के साथ नाबाद अर्धशतक बनाया। हालांकि वह दूसरी पारी में गेंदबाजी करने लौटे नहीं। संभावना है कि ग्रीन जल्द टूटी ऊंगली का इलाज करवाएंगे जिसके चलते वह भारत के खिलाफ होने वाली चार टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।
बता दें कि कैमरून ग्रीन को आईपीएल 2023 के लिए मुंबई इंडियंस ने मिनी ऑक्शन में खरीदा था। मुंबई ने ग्रीन पर 17.50 करोड़ रुपए खर्च किए थे। आईपीएल चौथे महीने में होना है। अगर तीन महीने के अंदर ग्रीन फिट न हुए तो मुंबई इंडियंस के लिए बड़ी मुसीबत हो सकती है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website