Tuesday , February 10 2026 2:43 AM
Home / Sports / लिटन दास के शतक की मदद से बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे को 169 रन से हराया

लिटन दास के शतक की मदद से बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे को 169 रन से हराया


बांग्लादेश ने रविवार को खेले गए पहले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिम्बाब्वे को 169 रन से शिकस्त देकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली। लिटन दास ने 105 गेंद में 13 चौके और दो छक्के की मदद से 126 रन की पारी खेली जिससे बांग्लादेश ने छह विकेट पर 321 रन बनाए। इसके बाद बांग्लादेश ने मोहम्मद सैफुद्दीन के तीन विकेट झटकने से जिम्बाब्वे को 39.1 ओवर में 152 रन पर समेट दिया।
सैफुद्दीन ने 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। कप्तान मशरफी मुर्तजा और स्पिनर मेहदी हसन ने दो-दो विकेट चटकाए जिससे बांग्लादेश ने रनों के लिहाज से वनडे में सबसे बड़ी जीत हासिल की। पदार्पण कर रहे वेस्ले माधेवेरे ने जिम्बाब्वे के लिए सर्वाधिक 35 रन बनाए। इससे पहले लिटन दास दूसरा वनडे शतक लगाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए। उन्होंने पहला शतक 2018 में एशिया कप फाइनल में लगाया था।
लिटन ने तमीम इकबाल (24) के साथ पहले विकेट के लिए 60 रन और नजमुल हुसैन (29) के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 रन की भागीदारी निभाई। उनके अलावा मोहम्मद मिथुन ने 41 गेंद में 50 रन बनाए जबकि मोहम्मद सैफुद्दीन 16 गेंद में 28 रन बनाकर नाबाद रहे। मिथुन और महमूदुल्लाह रियाद (32) ने चौथे विकेट के लिए 68 रन की भागीदारी निभाई। जिम्बाब्वे के लिये क्रिस एमपोफू ने 68 रन देकर दो विकेट हासिल किए। श्रृंखला का दूसरा मैच इसी स्टेडियम में मंगलवार को खेला जाएगा।