Tuesday , February 10 2026 12:24 PM
Home / Sports / जेसन होल्डर को पीछे छोड़ बेन स्टोक्स बने नंबर वन ऑलराउंडर, फ्लिंटॉफ के बाद पहले इंग्लिश क्रिकेटर

जेसन होल्डर को पीछे छोड़ बेन स्टोक्स बने नंबर वन ऑलराउंडर, फ्लिंटॉफ के बाद पहले इंग्लिश क्रिकेटर


इंग्लैंड के उपकप्तान बेन स्टोक्स ने वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर को अपदस्थ कर आईसीसी की ताजा टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। स्टोक्स साथ ही बल्लेबाजों की सूची में भी तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जोकि उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान स्टोक्स, विंडीज के कप्तान होल्डर से 54 रेटिंग अंक पीछे थे, लेकिन मैच की पहली पारी में 176 और दूसरी पारी में 78 रन बनाने के बाद अब उन्होंने 38 अंकों की बढ़त बना ली है।
स्टोक्स ने मैच में तीन विकेट भी लिए थे। स्टोक्स ने ओल्ड ट्रेफर्ड मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इंग्लैंड ने यह मैच 113 रनों से जीत सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। होल्डर 18 महीने से नंबर-1 टेस्ट ऑलराउंडर के स्थान पर जमे हुए थे, लेकिन अब स्टोक्स ने इस स्थान पर कब्जा जमा लिया है और वह मई 2006 में एंडयू फ्लिंटॉफ के बाद नंबर-1 टेस्ट ऑलराउंडर बनने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी हैं।
बेन स्टोक्स ने दिखाया दम, इंग्लैंड ने सीरीज में की बराबरी
स्टोक्स के अब 497 रेटिंग अंक हो गए हैं , जो कि अप्रैल 2008 के बाद से किसी भी खिलाड़ी का सर्वोच्च रेटिंग अंक हैं। उनसे पहले जैक कैलिस के 517 रेटिंग अंक थे। बल्लेबाजों की सूची में स्टोक्स अब ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशाने के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
​ऐसा रहा मैच का रोमांच
मैच की बात करें तो ओल्ड ट्रेफर्ड मैदान पर मेजबान ने वेस्टइंडीज को 113 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 469 रनों पर घोषित की। उसने वेस्टंडीज को पहली पारी में 287 रनों पर ढेर कर 182 रनों की बढ़त के साथ दूसरी पारी की शुरुआत की और अपनी दूसरी पारी को तीन विकेट के नुकसान पर 129 रनों पर घोषित कर विंडीज के सामने 312 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में विंडीज टीम 198 रन ही बना सकी।
लक्ष्य बड़ा था, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम मैदान पर रुककर इसे बचाने की कोशिश कर सकती थी। लेकिन उसकी शुरुआत खराब रही। टीम ने पहले सत्र में 25 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। दूसरे सत्र में मेहमान टीम ने थोड़ी वापसी करने की कोशिश की, लेकिन तीसरे और अंतिम सत्र में उसके मध्यम और निचले क्रम के बल्लेबाज विकेट पर टिकने का साहस नहीं जुटा पाए और टीम 70.01 ओवर में 198 रनों पर आलआउट हो गई।
​इसलिए टर्निंग पॉइंट रहे ब्लैकवुड
टीम का तीसरा विकेट 23 रन पर शाई होप (7) के रूप में गिरा था, जबकि चौथा विकेट रोस्टन चेज (6) के रूप में 37 रनों के टीम स्कोर पर गिरा। इसके बाद जर्मेन ब्लैवुड ने मोर्चा संभाला और शामराह ब्रूक्स (136 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से सर्वाधिक 62) के साथ मिलकर 100 रनों की साझेदारी की। ब्लैकवुड शानदार अंदाज में थे और मैच बचता दिख रहा था कि बेन स्टोक्स ने 43वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्हें स्टोक्स के हाथों कैच आउट करा दिया। उन्होंने 88 गेंदों पर सात चौके के दम पर 55 रन बनाए।
​61 रन बनाने में टीम ढेर
अगले 61 रन बनाने में टीम ऑलआउट हो गई। इसके बाद कप्तान जेसन होल्डर ने 35 रन जरूर बनाए, लेकिन वह भी 183 के स्कोर पर 8वें बल्लेबाज के रूप में आउट हो गए। होल्डर ने 62 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया। वेस्टइंडीज ने अपना नौवां विकेट 192 के स्कोर पर अल्जारी जोसेफ (9) के रूप में और अंतिम विकेट केमार रोच (5) के रूप में 198 के स्कोर पर खोया।
उनसे आगे अब लाबुशाने के हमवतन स्टीव स्मिथ और भारतीय कप्तान विराट कोहली ही है। इंग्लैंड के कप्तान जो रूट नौवें नंबर पर है। गेंदबाजों की सूची में स्टुअर्ट ब्रॉड दूसरे मैच में तीन विकेट लेने की बदौलत टॉप 10 में लौट आए हैं जबकि उनके साथी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन 11वें नंबर पर खिसक गए हैं।