Sunday , February 8 2026 11:33 PM
Home / Sports / मिचेल स्टार्क के सामने बेन स्टोक्स की एक न चली, आर अश्विन का रिकॉर्ड टूट गया

मिचेल स्टार्क के सामने बेन स्टोक्स की एक न चली, आर अश्विन का रिकॉर्ड टूट गया


ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का आखिरी टेस्ट सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। शुरुआती तीन बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके लेकिन जो रूट और हैरी ब्रूक के बीच शतकीय साझेदारी हुई। ब्रूक के आउट होने के बाद बेन स्टोक्स क्रीज पर उतरे। वह कुछ खास नहीं कर पाए और खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए।
स्टार्क ने किया स्टोक्स का शिकार – ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बेन स्टोक्स का आउट किया। 51वें ओवर में स्टार्क की गेंद गिरने के बाद तेजी से उछली। स्टोक्स उछाल नहीं संभाल पाए और गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई। स्टार्क ने कोई खास अपील नहीं की और इसी वजह से अंपायर ने आउट नहीं दिया। हालांकि कप्तान स्टीव स्मिथ काफी कॉन्फिडेंस थे। उन्होंने डीआरएस लिया और इसमें साफ दिखा कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई है। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को बेन स्टोक्स का विकेट मिल गया।
स्टार्क ने आर अश्विन को पछाड़ा – 11 गेंद पर बेन स्टोक्स बिना खाता खोले आउट हुए। मिचेल स्टार्क ने इस सीरीज में 5वीं बार इंग्लिश कप्तान को आउट किया है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन को पीछे छोड़ दिया। टेस्ट में अश्विन ने स्टोक्स को सबसे ज्यादा 13 बार आउट किया था। यह 14वां मौका है जब टेस्ट में मिचेल स्टार्क की गेंद पर बेन स्टोक्स आउट होकर पवेलियन लौटे हैं।
टेस्ट में बेन स्टोक्स को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज
मिचेल स्टार्क- 14
आर अश्विन- 13
नाथन लायन- 10
रविंद्र जडेजा- 8
मिचेल स्टार्क इस सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज भी हैं। बेन स्टोक्स का विकेट एशेज 2025-26 में उनका 28वां विकेट है। अभी तक कोई दूसरा गेंदबाज 20 विकेट तक भी नहीं पहुंच पाया है। वह सीरीज में दो बार 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा कर चुके हैं। सीरीज में स्टार्क ही एकमात्र गेंदबाज हैं, जिन्होंने पारी में 7 और 6 विकेट झटके हैं।