Wednesday , March 4 2026 1:22 PM
Home / Sports / ओलंपिक इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, रिकॉर्ड 7 पदक टोक्यो में आए

ओलंपिक इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, रिकॉर्ड 7 पदक टोक्यो में आए

लेख : विवेक शर्मा

टोक्यो 2020 गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने ओलंपिक इतिहास का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और इसी के साथ पदक तालिका में भारत का 48 वां स्थान पर रहा। भारतीय खिलाड़ी एक शताब्दी से ज्यादा समय से हर चार साल में होने वाले खेलो के इस महाकुंभ में हिस्सा ले रहे हैं लेकिन किसी भी ओलंपिक में अब तक कुल सात पदक नहीं जीते थे। टोक्यो में भारत के नाम एक स्वर्ण, दो रजत, और चार कांस्य पदक रहे। भारतीय विजेता खिलाड़ियों की सूची पर नजर दौड़ाएं तो जेवेलिन में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड, वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने रजत, बैडमिंटन में पीवी सिंधू ने कांस्य, महिला बॉक्सिंग में लोवलिना ने कांस्य, पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य, कुश्ती में रवि कुमार ने रजत और बजरंग ने कांस्य पदक जीता।

वहीं रियो 2016 ओलंपिक खेलों में सिर्फ दो पदक ही जीते थे जिसमें पीवी सिंधू का रजत और साक्षी मलिक का कांस्य पदक शामिल था और भारत की रैंक 67 रही थी। जबकि लंदन 2012 के ओलंपिक खेलो में छह पदक जीते थे और भारत की रैंक 55वीं रही थी। बीजिंग 2008 में भारत ने तीन पदक जीते थे और रैंक 50 वीं रही थी, जबकि एथेंस 2004 में सिर्फ राज्यवर्धन सिंह राठौर का शूटिंग में इकलौता रजत पदक मिला था और भारत की रैंक 65 वीं रही थी। जबकि सिडनी 2000 और अटलांटा 1996 में भारत ने एक-एक कांस्य पदक जीता था और दोनों ही ओंलपिक खेलों में भारत की रैंक 71 थी। सिडनी में वेटलिफ्टिंग में कर्णम मल्लेश्वरी ने जबकि अटलांटा में टेनिस में लिएंडर पेस ने कांस्य पदक जीता था। वहीं 1992 बार्सिलोना, 1988 सिओल और 1984 लास एंजेलिस ओंलपिक में पदक का खाता खाली रहा था। जबकि 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के स्वर्ण पदक की बदौलत 23वां स्थान रहा था। पिछले 49 साल में भारत की आखिरी बार सबसे अच्छी रैकिंग 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में 43 वीं थी और अब 49 साल बाद ओलंपिक में भारत की रैंक 48 आई है।

इसी के साथ भारत ने अब तक ओलंपिक खेलों में कुल 35 पदक जीत लिए हैं। जिसमें कुल 10 स्वर्ण,  9 रजत और 16 कांस्य पदक शामिल हैं। खेलों के आधार पर इन 35 पदकों को बांटा जाए तो सबसे ज्यादा 12 पदक हॉकी में, 7 कुश्ती में, 4 शूटिंग में, 3-3 एथलेटिक्स  बैडमिंटन और बॉक्सिंग में, 2 वेटलिफ्टिंग में और एक पदक टेनिस में आया है।

टोक्यो ओलंपिक में रविवार 8 अगस्त को सभी स्पर्धाओं के समापन के बाद पदक तालिका कुछ इस तरह रही। 39 स्वर्ण पदकों और कुल 113 मैडल के साथ अमेरिका शीर्ष पर रहा जबकि 38 स्वर्ण पदकों के साथ कुल 88 पदक जीतते हुए चीन दूसरे नंबर पर रहा। जबकि मेजबान जापान 27 स्वर्ण के सहित कुल 58 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।