
एंड्रयू फॉर्मिका, जो कि लंदन स्थित फंड हाउस ज्यूपिटर फंड मैनेजमेंट पीएलसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हैं, ने अचानक अपने पद से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया है. समाचार एजेंसी ब्लूमबर्ग ने कंपनी के एक बयान का हवाला देते हुए बताया कि 2019 में 68 अरब डॉलर की फंड मैनेजमेंट कंपनी में शामिल हुए एंड्रयू फॉर्मिका एक अक्टूबर को अपना पद खाली कर देंगे.
इतना ही नहीं, सीईओ पद से इस्तीफा देने के साथ ही फॉर्मिका इन्वेस्टमेंट फर्म के निदेशक के रूप में भी अपना पद छोड़ देंगे. रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि ज्यूपिटर के मुख्य निवेश अधिकारी (सीआईओ) मैथ्यू बेस्ली कंपनी के नए सीईओ का पद संभालेंगे.
अपने मूल देश ऑस्ट्रेलिया वापस जाना चाहते हैं फॉर्मिका : रिपोर्ट में आगे कहा गया कि मिस्टर फॉर्मिका ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए कंपनी छोड़ने का फैसला किया है और वे अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहने के लिए अपने मूल देश ऑस्ट्रेलिया वापस जाना चाहते हैं. फॉर्मिका ने ब्लूमबर्ग से कहा, “मैं बस समुद्र तट पर बैठना चाहता हूं और कुछ नहीं करना चाहता.”
कंपनी ने अपने बयान में क्या कहा : कंपनी ने अपने बयान में कहा, “एंड्रयू हमेशा बोर्ड के साथ इस बात को लेकर स्पष्ट रहे हैं कि उनकी लंबी अवधि की योजनाओं में परिवार के साथ उनके मूल स्थान ऑस्ट्रेलिया लौटना शामिल होगा.” कंपनी ने आगे कहा, “ज्यूपिटर के बिजनेस में बदलाव लाने का शुरुआती चरण पूरा हो चुका है और अब उन्हें लगता है कि बिजनेस का नेतृत्व किसी और को सौंपने का सही समय है, ताकि अगले चरण में उस अवधि के दौरान लीडरशिप और मजबूत हो सके.”
2019 में फॉर्मिका ने ज्वॉइन की थी ज्यूपिटर कंपनी : यूनाइटेड किंगडम में लगभग तीन दशक बिताने वाले मिस्टर फॉर्मिका ने मार्च 2019 में ज्यूपिटर फंड मैनेजमेंट कंपनी ज्वॉइन किया था. ज्यूपिटर से पहले, उन्होंने जानूस हेंडरसन ग्रुप पीएलसी के साथ काम किया और 2017 में यूएस फंड हाउस जानूस और यूके के हेंडरसन के विलय में अहम भूमिका निभाई.
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website