Friday , February 27 2026 9:38 PM
Home / Sports / रिंकू सिंह के पिता के निधन से क्रिकेट जगत दुखी, युवराज और शिखर धवन ने जताया शोक

रिंकू सिंह के पिता के निधन से क्रिकेट जगत दुखी, युवराज और शिखर धवन ने जताया शोक


भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। शुक्रवार की सुबह ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सास ली। 60 साल के खानचंद सिंह वह लंबे समय से लीवर कैंसर से जूझ रहे थे। रिंकू सिंह के पिता के निधन पर टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह और शिखर धवन ने शोक व्यक्त किया है।
युवी और धवन ने क्या लिखा – युवराज सिंह ने एक्स पर पोस्ट डालकर अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने लिखा, ‘रिंकू के पिता के गुजर जाने की खबर सुनकर दिल टूट गया। ऐसे पलों में, कोई भी शब्द काफी नहीं लगता। इस मुश्किल समय में हम आपके और आपके परिवार के साथ हैं। उम्मीद है कि आपको अपने आस-पास के प्यार में ताकत और हिम्मत मिलेगी।’
टीम इंडिया के गब्बर रहे शिखर धवन ने एक्स पर लिखा- रिंकू, आपको और आपके प्रियजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। आपके पिता की आत्मा को शांति मिले और इस मुश्किल समय में आपको हिम्मत मिले। ओम शांति।
5 बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने लिखा- इस मुश्किल समय में हम रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। हमारी दुआएं उनके साथ हैं।
ग्रेटर नोएडा में चल रहा था इलाज – जानकारी के मुताबिक रिंकू सिंह के पिता ने शुक्रवार सुबह 4:36 बजे अंतिम सांस ली। उनका इलाज ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में चल रहा था।
रिंकू सिंह के परिवार में पांच भाई हैं। उनके पिता सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी। कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद क्रिकेटर बनने और लगातार मेहनत करने की प्रेरणा रिंकू सिंह को उनके पिता से ही मिली। बीसीसीआई की तरफ से जानकारी दी गई है कि रिंकू ग्रेटर नोएडा पहुंच गए हैं। वह कोलकाता के खिलाफ रविवार को होने वाले मैच के लिए कोलकाता नहीं जाएंगे।