
अनुभवी सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस (Faf du Plessis) और युवा ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ (Rituraj Gaikwad) के अर्धशतकों की बदौलत तीन बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने आईपीएल 2021 के 15वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के सामने जीत के लिए 221 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में खेले गए इस मुकाबले को चेन्नई ने 18 रन से अपने नाम किया। फाफ डु प्लेसिस को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कोलकाता ने टॉस जीतकर बोलिंग चुनी। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 220 रन बनाए। सीएसके को ऋतुराज गायकवाड़ (64) और फाफ डुप्लेसिस (नाबाद 95) ने पहले विकेट के लिए 77 गेंदों पर 115 रनों की शतकीय साझेदारी की।
खतरनाक होती जा रही इस साझेदारी को मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने गायकवाड़ को पैट कमिंस के हाथों कैच कराकर तोड़ा। गायकवाड़ ने 42 गेंदों पर छह चौके और चार छक्के लगाए। उनके आउट होने के बाद डु प्लेसिस ने मोईन अली (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 27 गेंदों पर 50 रनों की साझेदारी की।
मोईन को सुनील नारायण ने स्टंप आउट कराया। मोईन ने 12 गेंदों पर दो चौके और इतने ही छक्के लगाए। उनके आउट होने के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (17) और डु प्लेसिस ने तीसरे विकेट के लिए 19 गेंदों पर 36 रनों की साझेदारी करके टीम को 220 रनों तक पहुंचाया।
चेन्नई ने अंतिम पांच ओवरों में 76 रन बनाए। चेन्नई का कोलकाता के खिलाफ यह सर्वोच्च स्कोर है। डु प्लेसिस ने 60 गेंदों पर नौ चौके और चार छक्के लगाए। धोनी ने आठ गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया।
रवींद्र जडेजा ने एक गेंद पर नाबाद छह रन बनाए। कोलकाता के लिए सुनील नारायण, आंद्र रसेल और वरुण चक्रवर्ती ने एक एक विकेट निकाला।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website