
आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 का पांचवा मैच दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच यहां केनिंग्टन ओवल में खेला गया, जहां बांग्लादेश ने 21 रनों से जीत प्राप्त करते हुए विजयी आगाज किया है। टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर खेलते हुए शाकिबुल हसन (75) और मुश्फिकर रहीम (78) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से 6 विकेट गंवाकर आईसीसी विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर (330 रन) खड़ा करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 331 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में उतरी द. अफ्रीका 8 विकेट गंवाकर 50 ओवर में 309 रन ही बना पाई और अपना दूसरा मैच भी हार गई। इससे पहले इंग्लैंड ने 30 मई को खेले गए वर्ल्ड कप 2019 के पहले मैच में द. अफ्रीका को 104 रनों से हराया था।
लक्ष्य प्राप्ति के लिए मैदान में उतरी दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट 49 रनों पर क्विंटन डी कॉक के रूप में 9.4 ओवर में गिरा। वह 32 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 23 रन बनाकर रहीम के हाथों रन आउट हुए। मैदान में उतरे कप्तान फाफ डू प्लेसिस और मार्कराम ने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया लेकिन 19.4 ओवर में वह मार्कराम 56 गेंदों पर 4 चौकों की बदौलत 45 रन बनाकर शाकिब की गेंद पर बोल्ड हो गए। डू प्लेसिस ने शानदार प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन 26.4 ओवर में मेहदी हसन का शिकार होकर उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। वह 53 गेंदों पर एक छक्के और 5 चौकों की मदद से 62 रन बनाकर वापस लौटे। डेविड मिलर 35.1 ओवर में हसन के हाथों कैच आउट हुए और इस दौरान मुस्तफिजुर गेंदबाजी कर रहे थे। मिलर ने 43 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 38 रन अपने खाते में जोड़े।
डूसन टीम के मजबूती प्रदान करने की बखूबी कोशिश कर रहे थे लेकिन सैफुद्दीन की 40वें ओवर की पहली गेंद पर वह अपना विकेट बचाने में कामयाब नहीं हो पाए और बोल्ड हो गए। उन्होंने 38 गेदों पर एक छक्के और 2 चौके की सहायता से 41 रन बनाए। फेहलुकवेओ 42.5 ओवर में सैफुद्दीन की गेंद पर शाकिब के हाथों कैच आउट हुए। उन्होंने 13 गेंदों पर 8 रन बनाए जिसमें एक चौका भी शामिल था। टीम को जीतने के इरादे से लगातार प्रयास कर रहे मोरिस 45.5 ओवर में मुस्तफिजुर की फुल टाॅस गेंद के छलावे में आकर सरकार को कैच देकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 10 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन ही बनाए। डूमनी 47.1 ओवर में मुस्तफिजुर की गेंद पर अपना विकेट नहीं बचा पाए और बोल्ड हो गए। उन्होंने 37 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 45 बनाए।
बांग्लादेश के गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने सबसे ज्यादा 67 रन देकर सबसे अधिक 3 विकेट हासिल किए जबकि मोहम्मद सैफुद्दीन ने 2 विकेट के लिए 57 रन लुटाए। वहीं, मेहदी हसन (44 रन) और शाकिब अल हसन (50 रन) ने भी एक-एक विकेट अपने खाते में जोड़ा। मशरफे मुर्तज़ा और मोसद्देक हुसैन ने क्रमशः 49 और 38 रन दिए।
इससे पहले टाॅस हारकर बांग्लादेश की तरफ से पहले बल्लेबाजी करने ओपनिंग जोड़ी के रूप में तमीम इकबाल और सौम्या सरकार मैदान में उतरे और इन्होंने 60 रनों की पार्टनरशिप की। लेकिन 8.2 ओवर में एन्डिले फेहलुकवेओ की गेंद पर इकबाल क्विंटन डी काॅक के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 29 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 16 रन बनाए। सरकार की बल्लेबाजी को देखकर लग रहा था कि वह अर्धशतक पूरा करेंगे लेकिन 11.4 ओवर में क्रिस मॉरिस ने उन्हें डी काॅक के हाथों कैच आउट करवा दिया और वह 30 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 42 रन ही बना पाए। तीसरी विकेट के लिए दक्षिण अफ्रीका को लम्बा इंतजार करना पड़ा और 35.1 ओवर में इमरान ताहिर ने टीम को सफलता दिलाई। शाकिब अल हसन एक छक्का और 8 चौकों की मदद से 84 गेंदों पर 75 रनों की पारी खेलने के बाद ताहिर की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद ताहिर ने 39.4 ओवर में मोहम्मद मिथुन को बोल्ड करते हुए अपना दूसरा विकेट झटका। मिथुन एक छक्के और 2 चौकों की मदद से 21 गेंदों पर 21 रन बनाकर वापस लौटे। मिथुन के बाद टीम बांग्लादेश को पांचवा झटका 42.1 ओवर में मुश्फिकुर रहीम के रूप में उस वक्त लगा जब फेहलुकवेओ ने डूसन के हाथों उन्हें कैच आउट करवा दिया। वह 80 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 78 रन बनाकर पवेलियन को रवाना हुए। मोसद्देक हुसैन 49वें ओवर की आखिरी गेंद पर फेहलुकवेओ के हाथों कैच आउट हो गए, इस दौरान क्रिस मोरिस गेंदबाजी कर रहे थे। हुसैन 20 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 26 रन बनाकर वापस लौटे। अंत में महमूदुल्लाह और मेहदी हसन क्रमशः 46 तथा 5 रन बनाकर नाबाद वापस लौटे।
दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों की बात करें तो एंडिले फेहलुकवेओ (52), क्रिस मॉरिस (73) और इमरान ताहिर (57) ने 2-2 विकेट उड़ाए। लुंगी नगीदी ने 34, कगिसो रबाडा ने 57, एडेन मार्कराम ने 38 और जीन-पॉल डुमिनी ने 10 रन दिए, लेकिन विकेट हासिल करने में सफल नहीं हुए।
प्लेंइन इलेवन
साउथ अफ्रीका : क्विंटन डी कॉक (डब्ल्यू), एडेन मार्कराम, फाफ डु प्लेसिस (सी), रासी वैन डेर डूसन, जीन-पॉल ड्यूमिनी, डेविड मिलर, एंडिले फेहलुकवे, क्रिस मॉरिस, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, इमरान ताहिर
बांग्लादेश : तमीम इकबाल, सौम्या सरकार, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम (डब्ल्यू), मोहम्मद मिथुन, महमूदुल्लाह, मोसद्देक हुसैन, मोहम्मद सैफुद्दीन, मशरफे मुर्तजा (सी), मेहदी हसन, मुस्ताफिजुर रहमान
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website