Wednesday , March 4 2026 3:34 PM
Home / Sports / इलेन थॉमसन हेराह बनीं दुनिया की सबसे तेज धाविका, ओलंपिक रिकॉर्ड टूटा

इलेन थॉमसन हेराह बनीं दुनिया की सबसे तेज धाविका, ओलंपिक रिकॉर्ड टूटा

जापान की राजधानी टोक्यो में चल रहे 32वें ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलो में जमैका की इलेन थॉमसन हेराह ने महिलाओं की 100 मीटर फर्राटा रेस का स्वर्ण पदक जीत लिया… इसके साथ ही इलेन दुनिया की सबसे तेज जीवित महिला भी बन गई है… शनिवार रात टोक्यो के ओलंपिक स्टेडियम में हुई रेस में इलेन ने 10.61 सैकंड के समय में पलक झपकते ही 100 मीटर का फासला तय कर लिया, इसके साथ ही उन्होंने नया ओलंपिक रिकार्ड भी बना डाला… इलेन ने रेस में स्टार्ट धीमी की लेकिन आधी दूरी के पास जबर्दस्त लय पकड़ी और फिनिशिंग लाइन तक पहुंचने से पहले ही अपना बायां हाथ ऊंचा करते हुए अपनी जीत का ऐलान कर दिया… बेहतरीन फॉर्म में दिख रही 29 वर्ष की इलेन वर्ल्ड रिकार्ड तोड़ने से सिर्फ 0.12 सैकंड दूर रही… महिलाओं की 100 मीटर रेस का 10.49 सैकंड का वर्ल्ड रिकार्ड अमेरिका की फ्लोरेंस ग्रिफिथ जोयनर के नाम है जो उन्होंने साल 1988 में बनाया था… साल 2016 में हुए रियो ओलंपिक खेलों में भी इलेन थॉमसन ने 100 मीटर और 200 मीटर रेस का स्वर्ण पदक जीता था.

इस रेस की खास बात ये रही ही कि स्वर्ण, रजत और कांस्य तीनों ही पदक जमैका के खाते में गए… रेस जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही शैली एन फ्रेज़र प्राइस दूसरे स्थान पर रहीं… उन्होंने 10.74 सैकंड में रेस पूरी की, वहीं शेरिका जैक्सन 10.76 सैकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं…

सेमीफाइनल में मिली झलक – माना जा रहा है कि इस बार के ओलंपिक खेलों में ट्रेक ईवेंट्स में कुछ और रिकार्ड टूट सकते हैं. इसका कारण है टोक्यो के ओलंपिक स्टेडियम का फास्ट ट्रैक. यही तेजी सेमीफाइनल मुकाबलों में भी देखने को मिली जब शैली प्राइस ने 10.73 सैकंड का, इलेन थॉमसन ने 10.76 सैकंड का और शेरिका जैक्सन ने 10.79 सैकंड का समय लिया.

प्रबल दावेदार थीं शैली प्राइस –  ओलंपिक के फाइनल मुकाबले से पहले इस साल का सबसे तेज 10.63 सैकंड का समय 34 वर्षीय शैली एन फ्रेज़र प्राइस के नाम ही था, लिहाजा उन्हें ही स्वर्ण पदक जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था. 2008 के बीजिंग ओलंपिक खेलों से पदक जीतने की शुरुआत करने वाली शैली प्राइस अब तक 7 ओलंपिक पदक अपने नाम कर चुकी हैं, जिसमें बीजिंग और लंदन ओलंपिक खेलों में 100 मीटर का गोल्ड भी शामिल हैं. इतना ही नहीं शैली एन फ्रेज़र प्राइस वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी कुल 11 पदक जीत चुकीं हैं जिसमें से 9 स्वर्ण पदक हैं.

कुल 3 पदक जीतने की उम्मीद- इलेन थॉमसन और शैली एन फ्रेज़र प्राइस के पास अगले कुछ दिनों में दो और पदक जीतने का मौका है… महिलाओं की 200 मीटर रेस और 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस में दोनों ही खिलाड़ी अपनी बेहतरीन स्पीड और जबर्दस्त फॉर्म को फिर से साबित कर सकती हैं.. 200 मीटर रेस का फाइनल मंगलवार, 3 अगस्त को होगा जबकि महिलाओं की 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस का फाइनल शुक्रवार, 6 अगस्त को होगा.

लेख : विवेक शर्मा