Wednesday , March 4 2026 4:53 AM
Home / Sports / रोमांचक मैच में इंग्लैंड की जीत, ऑस्ट्रेलिया को 8 रन से दी मात

रोमांचक मैच में इंग्लैंड की जीत, ऑस्ट्रेलिया को 8 रन से दी मात


तीन मैचों की टी-20 सीरिज के पहले मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 8 रन से हरा दिया है। इस बेहद ही रोमांचक मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 209 रन का लक्षय दिया। इंग्लैंड की ओर से एलेक्स हेल्स और जॉस बटलर ने ताबड़तोड़ पारी खेली। कप्तान बटलर ने 32 गेंदों में 68 रन, जबकि हेल्स ने 51 गेंदों में 84 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलियाई की ओर से नेथन एलिस ने सर्वश्रेष्ठ 3 विकेटें ली जबकि मार्कस स्टोइनिस, डेनियल सैम्स और केन रिचर्डसन ने 1-1 विकेट चटकाई।
ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कैमरन ग्रीन के 1 रन पर आउट होने के बावजूद पावरप्ले में 62 रन जोड़े। डेविड वॉर्नर और मिशेल मार्श ने दूसरे विकेट के लिये 71 रन की साझेदारी की, हालांकि मार्श (36) का विकेट गिरने के बाद ऐरन फिंच (12) भी जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद माकर्स स्टॉयनिस ने 15 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों के साथ 35 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया की स्थिति मज़बूत की लेकिन वुड ने 15वें ओवर में स्टॉयनिस और टिम डेविड (0) का विकेट निकालकर मैच को रोमांचक बना दिया।
ऑस्ट्रेलिया को आखिरी के चार ओवर में 40 रन की आवश्यकता थी और वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया को विजय की ओर लेकर जा रहे थे। वुड एक बार फिर इंग्लैंड के लिये कारगर साबित हुए और उन्होंने वॉर्नर को हेल्स के हाथों कैच आउट करवाया। वॉर्नर ने आउट होने से पहले 44 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की बदौलत 73 रन बनाये। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में 16 रन की दरकार थी। मैथ्यू वेड ने पहली गेंद पर चौका जड़ा लेकिन तीसरी गेंद पर उनका विकेट गिरने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया की जीत की उम्मीदें समाप्त हो गई और टीम 20 ओवर में 200/9 के स्कोर तक पहुंच सकी। इंग्लैंड के लिए वुड के अलावा रीस टोपली और सैम करन ने दो-दो विकेट लिये जबकि आदिल रशीद को एक विकेट हासिल हुआ।