Monday , February 9 2026 9:03 AM
Home / Sports / शर्म से झुकीं आंखें, पीला पड़ा चेहरा, फिर भी बनाते रहे ऐसे-ऐसे बहाने… बाबर आजम की हिमाकत तो देखिए

शर्म से झुकीं आंखें, पीला पड़ा चेहरा, फिर भी बनाते रहे ऐसे-ऐसे बहाने… बाबर आजम की हिमाकत तो देखिए


पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा कि उनकी टीम अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच में बल्ले और गेंद दोनों से उन्नीस साबित हुई। उनके अनुसार पाकिस्तान की टीम हालात की आकलन करने में नाकाम रही थी। क्रिकेट का ककहरा सीख रहे अमेरिका ने सुपर ओवर में पाकिस्तान को हराया। मैच में पाकिस्तान की बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग सभी ने निराश किया।
खुद को बाबर ने बताया हार का जिम्मेदार? – पावरप्ले के बाद पाकिस्तान का स्कोर सिर्फ 30 रन था। इस दौरान उसने तीन विकेट भी खो दिए। पाक कप्तान के अनुसार उनकी टीम पावरप्ले का फायदा नहीं उठा पाई। लेकिन इस दौरान उन्होंने खुद 14 गेंद पर 5 रन बनाए थे। मैच के बाद बात करते हुए बाबर आजम ने कहा, ‘हमने बल्लेबाजी के दौरान पहले छह ओवर का फायदा नहीं उठाया। विकेट लगातार गिरने से टीम दबाव में आ गई। हम अच्छी साझेदारियां नहीं बना सके।’
पिच का आकलन नहीं कर सके – बाबर आजम के अनुसार अमेरिका की टीम ने बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों ही डिपार्टमेंट में पाकिस्तान से बेहतर खेल दिखाया। उन्होंने कहा, ‘हमारे स्पिनर भी बीच के ओवरों में विकेट नहीं ले पाये जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा। अमेरिका को जीत का पूरा श्रेय जाता है जिसने तीनों विभाग में हमसे बेहतर खेला। पिच में थोड़ी नमी थी जिसका हम सही आकलन नहीं कर सके।’
मैच में क्या क्या हुआ? – पहले गेंदबाजी चुनते हुए अमेरिका के बाएं हाथ के स्पिनर नोस्तुष केंजिगे ने 30 रन देकर तीन विकेट लिये। पाकिस्तान की टीम सात विकेट पर 159 रन ही बना सकी। जवाब में अमेरिका ने तीन विकेट पर 159 रन बनाये। कप्तान मोनांक पटेल ने 38 गेंद में 50, आरोन जोंस ने 26 गेंद में 36 और एंड्रिस गौस ने 26 गेंद में 35 रन की पारियां खेली। सुपर ओवर मोहम्मद आमिर ने फेंका जिसमें अमेरिका ने 18 रन बनाये जबकि आठ रन अतिरिक्त के इसमें शामिल थे। वहीं अमेरिका के सौरभ नेत्रवलकर ने अनुशासित गेंदबाजी करके सिर्फ 13 रन दिए।