
फ्रांस के किसानों ने निम्न भत्तों, अत्यधिक नियमन, बढ़ती लागत और अन्य समस्याओं को लेकर बुधवार को देश भर में और ब्रसेल्स में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाए गए एक अवरोधक में एक वाहन की टक्कर से एक किसान और उसकी बेटी की मौत के बाद अनेक क्षेत्रों में सड़कें अवरुद्ध की गईं।
किसानों का आरोप है कि कृषि संबंधी नीतियां बेतुकी हैं। विरोध स्वरूप उन्होंने सड़कों पर लगे दिशा सूचक बोर्ड की दिशा भी बदल दी है। कुछ किसान यूरोपीय संघ के मुख्यालय ब्रसेल्स में भी विरोध प्रदर्शन की योजना बना रहे हैं और वहां फ्रांस के किसानों के संघ ‘रूरल कॉर्डिनेशन” ने प्रदर्शन का आह्वान किया है।
इन प्रदर्शनों को नवनियुक्त प्रधानमंत्री ग्रेब्रिएल अत्तल के लिए पहली प्रमुख चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। अत्तल ने मंगलवार को किसान संघों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। इस बैठक के बाद कृषि मंत्री मार्क फेसनेऊ ने संकट के समाधान के लिए सप्ताह के अंत तक नए प्रस्ताव पेश करने का वादा किया। देश के प्रमुख किसान संघ एफएनएसईए के प्रमुख आर्नाउद रूसो ने कहा कि उनका संगठन बुधवार को 40 जरूरी उपायों की एक सूची जारी करेगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website