
गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के बाद शिखर धवन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम ने मैक्लीन पार्क मैदान पर बुधवार को खेले गए पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत से भारत ने पांच वनडे मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-0 से बढ़त बना ली है। दूसरा वनडे 26 जनवरी को खेला जाएगा। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट गंवाकर 157 रनों का स्कोर खड़ा किया।
इस पारी में टीम के लिए कप्तान केन विलियमसन ने सबसे अधिक 64 रन बनाए। इसके अलावा, मेजबान टीम के लिए कोई भी अन्य बल्लेबाज खास कमाल नहीं कर पाया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे अधिक चार विकेट लिए। इसके अलावा, मैन ऑफ द मैच रहे मोहम्मद शमी को तीन और युजवेंद्र चहल को दो विकेट मिले। केदार जाधव को एक सफलता हाथ लगी।
इस मैच में शमी ने अंतरराष्ट्रीय वनडे में सबसे तेजी से 100 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय होने की उपलब्धि हासिल की। न्यूजीलैंड की ओर से 158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 41 के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (11) के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया। उन्हें डग ब्रैसवेल ने मार्टिन गुप्टिल के हाथों कैच आउट करवाया।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website