Monday , February 9 2026 9:03 AM
Home / Sports / पहला टेस्ट : न्यूजीलैंड के खिलाफ ब्रेथवेट ने इंडीज को संभाला

पहला टेस्ट : न्यूजीलैंड के खिलाफ ब्रेथवेट ने इंडीज को संभाला


वेलिंग्टन। सलामी बल्लेबाज क्रेग ब्रेथवेट (नाबाद 79) ने बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को वेस्टइंडीज को संभाले रखा है। दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 214 रन बना लिए हैं। स्टम्प्स तक ब्रेथवेट के साथ शाई होप 21 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच अभी तक तीसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

वेस्टइंडीज अभी भी न्यूजीलैंड से 172 रन पीछे है। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 520 रनों पर घोषित कर दी थी। ब्रेथवेट ने अभी तक 186 गेंदों का सामना किया है और सात चौके और एक छक्का लगाया है। अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी वेस्टइंडीज को ब्रेथवेट और कीरेन पावेल (40) ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े।

मैट हेनरी ने पावेल को अपनी गेंद पर कैच आउट कर किवी टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद ब्रेथवेट ने शिमरोन हेटमेर के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को भी हेनरी ने हेटमेर को आउट कर तोड़ा। उन्होंने 89 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद ब्रेथवेट और होप ने कोई और विकेट नहीं गिरने दिया।