Wednesday , March 11 2026 3:05 PM
Home / Lifestyle / गर्भवती मां और बच्‍चे को कैसे नुकसान पहुंचाते हैं होली के रंग, साथ ही जानें बचने का आसान तरीका

गर्भवती मां और बच्‍चे को कैसे नुकसान पहुंचाते हैं होली के रंग, साथ ही जानें बचने का आसान तरीका

होली रंगों का त्‍योहार है लेकिन कई बार यही रंग मजे में भंग डाल देते हैं। होली पर इस्‍तेमाल होने वाले रंगों में हानिकारक पदार्थ होते हैं जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। गर्भवती महिला और उसके शिशु पर भी केमिकल युक्‍त होली के रंगों का बुरा असर पड़ता है।
आजकल होली पर हर्बल कलर्स के इस्‍तेमाल पर ज्‍यादा जोर दिया जा रहा है। कहते हैं कि स्किन और हेल्‍थ के लिए हर्बल कलर ही ठीक रहते हैं। केमिकल युक्‍त रंग प्रेगनेंट महिला और उनके गर्भस्‍थ शिशु को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इन रंगों से आंखों, त्‍वचा और फेफड़ों को हानि पहुंच सकती है।
​प्रेग्‍नेंसी में होली के रंगों का असर : अब मॉडर्न कलर्स डाई, केमिकल या भारी धातुओं से बनाए जाते हैं। इनमें ग्‍लास के टुकड़े भी मिले हो सकते हैं। लीड ऑक्‍साइड, कॉपर सल्‍फेट जैसे धातुओं की वजह से मां और बच्‍चे को कई तरह के नुकसान हो सकते हैं जिसमें नर्वस और श्‍वसन तंत्र शामिल हैं। कुछ गंभीर मामलों में मिसकैरेज, प्रीटर्म या लो बर्थ वेट तक की परेशानी हो सकती है।
​क्‍या गर्भवती महिलाएं खेल सकती हैं होली : इस बार होली ही नहीं बल्कि कोरोना भी है इसलिए आपको दोगुना सावधान रहने की जरूरत है। आप घर पर ही फल और फूलों से बने रंगों से होली खेल सकती हैं।
हर्बल या वेजिटेबल डाई से बने नैचुरल रंग भी प्रेगनेंट महिला और शिशु के लिए सुरक्षित होते हैं। माना जाता है कि अधिकतर हर्बल डाई में फूलों या हर्बल अर्क एंटीऑक्‍सीडेंट की तरह भी काम करते हैं।
यह भी पढ़ें : इस बार घर पर ही होगा होली का त्‍योहार, इन लजीज पकवानों से बहलाएं बच्‍चों का मन
​प्रेग्‍नेंसी में सेफ हैं ये कलर
आप चंदन के पाउडर, आटे या मैदा को मिलाकर लाल रंग बना सकते हैं। ये शुद्ध, नैचुरल और खुशबू से युक्‍त होता है। गर्भवती महिलाएं इस रंग का प्रयोग कर सकती हैं और छोटे बच्‍चे भी इस हर्बल कलर से होली खेल सकते हैं।
इसके अलावा आप सिंदूर पाउडर में आटा या मैदा मिलाकर गुलाल बना सकते हैं। अगर आप सिंदूर ले रहे हैं तो नैचुरल सिंदूर का ही इस्‍तेमाल करें।
हल्‍दी में बेसन मिलाकर आप पीला रंग बना सकती हैं। हरा रंग बनाने के लिए मेथीदाने या पुदीने या मेहंदी को पीसकर पाउडर बना लें। इसे मैदा में मिलाकर आप हरा रंग तैयार कर सकती हैं।
​कोरोना में होली : इस बार होली के रंग ही नहीं बल्कि कोरोना का वायरस भी प्रेगनेंट महिलाओं के लिए खतरे का कारण बना हुआ है। बेहतर होगा कि आप इस बार घर पर रहकर ही होली मनाएं और अपने घर पर ज्‍यादा मेहमानों को न बुलाएं।
होली को सुरक्षित के साथ-साथ मजेदार बनाने के लिए आप घर पर लजीज पकवान बना सकती हैं और अपने करीबियों के साथ हर्बल कलर्स से होली खेल सकती हैं।
गर्भावस्‍था में आपके लिए अपना और शिशु का स्‍वास्‍थ्‍य सबसे ज्‍यादा जरूरी होना चाहिए और फिर होली तो आप अगली बार भी खेल सकती हैं।