
पिछले दो वर्षों से लगातार चर्चाओं में रही रणवीर सिंह अभिनीत और रोहित शेट्टी निर्देशित फिल्म सर्कस को दर्शकों ने प्रदर्शन के साथ ही पूरी तरह से नकार दिया है। इस फिल्म की दर्शकों की ओर से की जा रही आलोचनाओं को देखते हुए यह स्पष्ट नजर आ रहा है कि सर्कस बॉलीवुड को मिली इस वर्ष की सबसे बड़ी असफलता में से एक है। वर्ष 2022 अभिनेता रणवीर सिंह के लिए बिलकुल अच्छा नहीं रहा है। इस वर्ष उनकी दो फिल्में प्रदर्शित हुई हैं और दोनों असफल साबित हुई है। इससे पूर्व उनकी जयेश भाई जोरदार प्रदर्शित हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर लाइफ टाइम कारोबार 15.60 करोड़ का किया था। सर्कस को देखने के बाद महसूस हो रहा है कि यह फिल्म तो शायद इतना कारोबार भी नहीं कर पाएगी।
रणवीर सिंह अभिनीत और रोहित शेट्टी निर्देशित सर्कस को अपने शुरुआती दिन में अच्छी समीक्षा नहीं मिली। छुट्टियों के मौसम में रिलीज होने के बावजूद, फिल्म सही कारणों से टॉक ऑफ द टाउन नहीं बन पाई। खैर, सर्कस के पहले दिन के आंकड़े सामने आ चुके हैं और यह कहना गलत नहीं होगा कि फिल्म की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट किया कि सर्कस नेशनल चेन में 3.16 करोड़ रुपये कमाने में कामयाब रही। हॉलिडे रिलीज के लिहाज से यह आंकड़े काफी खराब हैं।
मल्टीप्लेक्स चेनों में सर्कस का पहले दिन का कारोबार इस प्रकार रहा—
पी.वी.आर. —1.47 करोड़
आइनोक्स—1.10 करोड़
सिनेपोलिस—59 लाख
कुल कारोबार—3.16 करोड़—तरण आदर्श 24 दिसंबर, 2022
रोहित शेट्टी द्वारा निर्मित और निर्देशित सर्कस को गुलशन कुमार, भूषण कुमार और टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत किया गया है। इसमें रणवीर सिंह डबल रोल में हैं। फिल्म में सिद्धार्थ जाधव, जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, मुरली शर्मा, सुलभा आर्य और व्रजेश हिरजी भी हैं। इसमें दीपिका पादुकोण और अजय देवगन भी विशेष उपस्थिति में हैं। सर्कस 1982 की हिंदी फिल्म अंगूर पर आधारित है, जो खुद 1968 की हिंदी फिल्म दो दूनी चार की रीमेक है। जो स्वयं 1963 की बंगाली फिल्म भ्रांति बिलास का रूपांतरण था। सर्कस 23 दिसंबर, 2022 को रिलीज हुई।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website