Monday , February 9 2026 11:18 AM
Home / News / पाकिस्तान में लीबिया के आर्मी चीफ और पीएम, मुनीर संग लंबी बैठक, क्या पक्की कर ली 4 अरब डॉलर की डील?

पाकिस्तान में लीबिया के आर्मी चीफ और पीएम, मुनीर संग लंबी बैठक, क्या पक्की कर ली 4 अरब डॉलर की डील?


लीबियाई नेशनल आर्मी के कमांडर फील्ड मार्शल खलीफा हफ्तार ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर से मुलाकात की है। पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को बताया कि खलीफा हफ्तार और असीम मुनीर की बैठक रावलपिंडी में हुई है। इस दौरान दोनों पक्षों ने सैन्य सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा की। ये मुलाकात इसलिए अहम है क्योंकि दोनों देशों के बीच 4 अरब डॉलर की कथित हथियार डील के कुछ हफ्ते बाद यह बैठक हुई है। पाकिस्तान लगातार लीबिया से संबंध बेहतर करने और उसको ज्यादा हथियार बेचने की कोशिश में लगा है
डॉन ने पाकिस्तान सेना की मीडिया विंग के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि लीबिया के पूर्वी हिस्से की आर्म्ड फोर्सेज के कमांडर इन चीफ फील्ड मार्शल खलीफा अबू अल-कासिम हफ्तार लीबिया की पूर्वी हिस्से वाली सरकार के प्रधानमंत्री ओसामा साद हम्माद के साथ पाकिस्तान पहुंचे हैं। दोनों ने मुनीर के साथ बैठक में सैन्य जुड़ाव और सहयोग पर जोर दिया है।
लीबिया और पाकिस्तान की डील – हफ्तार का पाकिस्तान दौरा बीते साल दिसंबर में फील्ड मार्शल मुनीर के बेंगाजी यात्रा के करीब छह हफ्ते बाद हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुनीर के इस दौरे में इस्लामाबाद और लीबिया की पूर्वी सेना ने बड़े रक्षा समझौते को अंतिम रूप दिया था। 4 बिलियन से ज्यादा की यह डील पाकिस्तान के अब तक के सबसे बड़े हथियारों के निर्यात समझौतों में से एक है।