Monday , February 9 2026 12:46 PM
Home / Sports / IPL-11 : रायुडू का नाबाद शतक, 8 विकेट से जीती चेन्नई

IPL-11 : रायुडू का नाबाद शतक, 8 विकेट से जीती चेन्नई


पुणे। चेन्नई ने आईपीएल-11 के 46वें मैच में रविवार को हैदराबाद सनराइजर्स को आठ विकेट से हराकर बड़ी जीत हासिल की। चेन्नई ने 180 रनों का लक्ष्य दो विकेट गंवाकर 19 ओवरों में ही हासिल कर लिया। चेन्नई की जीत के नायक ओपनर अंबाती रायुडू रहे जिन्होंने 100 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली।

उन्होंने 62 गेंदों की अपनी पारी में सात चौके और सात छक्के लगाए। ये आईपीएल-11 का चौथा शतक था। इससे पहले वाटसन, गेल, पंत शतकीय पारी खेल चुके हैं। इससे पहले वाटसन ने 57 रन की पारी खेली वहीं रैना दो रन बनाकर आउट हुए। धोनी 14 गेंदों पर 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।

इससे पहले शिखर धवन (79) और केन विलियमसन (51) की शतकीय साझेदारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में 46वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 180 रनों का लक्ष्य दिया है। महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने चार विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए।

इस पारी में धवन ने 49 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौकों और तीन छक्के उड़ाए। उन्होंने इस सीजन का तीसरा अर्धशतक जमाया। इसके अलावा, कप्तान केन विलियमसन ने इस सीजन का सातवां अर्धशतक लगाया। विलियमसन ने 39 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और दो छक्के लगाए। टीम के लिए दीपक हुड्डा (21) और शाकिब अल-हसन (8) नाबाद रहे। चेन्नई के लिए इस पारी में शार्दुल ठाकुर ने दो विकेट लिए, वहीं दीपक चाहर और ड्वेन ब्रावो को एक-एक सफलता मिली।