
2018 में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले के लिए फ्रेंचाइजियों ने रिटेन किए गए अपने क्रिकेटर्स के नाम तय कर लिया है। गुरुवार को शाम 5 बजे तक प्लेयर्स रेटेंशन डेडलाइन थी। अब इसके बाद आईपीएल की बोली 27-28 जनवरी को लगेगी। इस साल आईपीएल के मैच 4 अप्रैल- 27 मई तक खेले जाएंगे।
धोनी की चेन्नई में वापसी, रिटेन नहीं हुए गौतम
आईपीएल के 11वें सीजन के लिए रिटेन नहीं किए गए खिलाड़ियों में प्रमुख नाम गौतम गंभीर का है। कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने उन्हें रिटेन नहीं किया है, जबकि धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स में वापसी हुई है। दो वर्षों का प्रतिबंध झेलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स अगले सीजन से वापसी कर रही हैं। जाहिर है आईपीएल -11में गुजरात लायंस और राइजिंग पुणे सुपर जाइंट नहीं खेलेंगे।
एक नजर पूरी लिस्ट परः
1. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरूः विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, सरफराज खान
2. चेन्नई सुपर किंग्स : महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा
3. मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या
4. दिल्ली डेयरडेविल्स: क्रिस मॉरिस, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर
5. कोलकाता नाइटराइडर्स: सुनील नरेन, आंद्रे रसेल
6. सनराइजर्स हैदराबाद : डेविड वॉर्नर, भुवनेश्वर कुमार
7. राजस्थान रॉयल्सः स्टीव स्मिथ
8. किंग्स इलेवन पंजाब: अक्षर पटेल
दिया गया समान अवसर
एक टीम को अपने 5 खिलाड़ियों को रिटेन करने का अवसर दिया गया, जो दो कॉम्बिनेशन में हैं। तीन खिलाड़ियों को ऑक्शन से पहले और दो को राइट टू मैच के जरिए या 2 खिलाड़ियों को नीलामी से पहले और बाकी तीन को राइट टू मैच के जरिए। राइट टू मैच के मुताबिक, अगर प्लेयर पर बोली लगती है, तो वह ये कार्ड चलकर उस प्लेयर को बोली की राशि के साथ ही अपनी टीम में शामिल कर सकती है।
राशि का बंटवारा ऐसे
– तीन खिलाड़ियों को रिटेन करने पर 1 प्लेयर को 15 करोड़ रु., दूसरे प्लेयर को 11 करोड़ और तीसरे प्लेयर को 7 करोड़।
– दो प्लेयर्स को रिटेन करने पर पहले खिलाड़ी को 12.5 करोड़, दूसरे खिलाड़ी को 8.5 करोड़ मिलेंगे।
– अगर एक ही खिलाड़ी को रिटेन किया जाता है, तो उसे अधिकतम 12.5 करोड़ रुपए मिल सकते हैं।
-किसी अनकैप्ड प्लेयर को उपरोक्त राशि के बदले रिटेन करने पर फ्रेंचाइजी के ऑक्शन पर्स से 3 करोड़ दिए जाएंगे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website