Wednesday , March 4 2026 5:05 AM
Home / Sports / IPL 2021 Auction: आईपीएल नीलामी के लिए श्रीसंत, अर्जुन तेंडुलकर और शाकिब ने कराया रजिस्ट्रेशन, जो रूट और मिशेल स्टार्क नहीं होंगे शामिल

IPL 2021 Auction: आईपीएल नीलामी के लिए श्रीसंत, अर्जुन तेंडुलकर और शाकिब ने कराया रजिस्ट्रेशन, जो रूट और मिशेल स्टार्क नहीं होंगे शामिल

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की 18 फरवरी को होने वाली नीलामी में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। वहीं, बांग्लादेश के दागी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन और भारत के एस. श्रीसंत रजिस्टर करवाने वाले 1097 खिलाड़ियों में शामिल हैं।
अर्जुन तेंडुलकर भी लिस्ट में : दिग्गज सचिन तेंदुलकर के बेटे और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन तेंडुलकर ने भी नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन किया है। अर्जुन ने अपना बेस प्राइस 20 लाख रुपये रखा है। भारत के 814 और विदेशों के 283 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। इनमें वेस्टइंडीज के 56, ऑस्ट्रेलिया के 42 और साउथ अफ्रीका के 38 खिलाड़ी शामिल हैं।
रूट नहीं होंगे शामिल : आईपीएल में आखिरी बार 2015 में खेलने वाले स्टार्क फिर से इस टी20 लीग में नहीं दिखेंगे जबकि भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन शतक जड़ने वाले रूट (Joe Root) ने लगातार दूसरी बार रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है। इंग्लैंड के हैरी ग्रुने और टॉम बैंटन ने भी बाहर रहने का फैसला किया है।
शाकिब को 2 करोड़ में रजिस्टर, श्रीसंत ने 75 लाख रखा बेस प्राइस : क्रिकइन्फो के अनुसार, भ्रष्ट सिफारिशों की रिपोर्ट नहीं करने के कारण इंटरनैशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का प्रतिबंध झेलने वाले शाकिब को सर्वोच्च बेस प्राइस दो करोड़ रुपये पर रजिस्टर किया गया है। सात साल के प्रतिबंध के बाद क्रिकेट में वापसी करने वाले श्रीसंत ने अपना बेस प्राइस 75 लाख रुपये रखा है। इस 37 वर्षीय गेंदबाज पर 2013 के आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग में भूमिका के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आजीवन प्रतिबंध लगाया था लेकिन बाद में इसे घटाकर सात साल का कर दिया गया।